वडोदरा में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की शुरुआत

युवाओं को बेहतर संवाद, आपसी समझ और सम्मान सिखाने के लिए काउंसलिंग सुविधा उपलब्ध

वडोदरा में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की शुरुआत

वडोदरा में महिलाओं को सशक्त बनाने और पारिवारिक जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत सखी वन स्टॉप सेंटर में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर (PMCC) का शुभारंभ किया गया है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य विवाह से पहले युवा पुरुषों और महिलाओं को आपसी समझ, प्रभावी संवाद कौशल और पारस्परिक सम्मान के महत्व के बारे में मार्गदर्शन और काउंसलिंग प्रदान करना है।

केंद्र का उद्घाटन सप्लाई ऑफिसर श्रीमती गीताबेन देसाई ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सेंटर दंपत्तियों को वैवाहिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों जैसे संवाद कौशल, विवाद समाधान और मानसिक स्वास्थ्य पर मार्गदर्शन देगा, जिससे पारिवारिक जीवन अधिक सुखद और सुदृढ़ बन सकेगा।

भारत सरकार के नेशनल कमीशन फॉर विमेन (NCW) द्वारा संचालित ऐसे केंद्र देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहले से कार्यरत हैं। अब इसी पहल को गुजरात में महिला एवं बाल अधिकारी कार्यालय के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, वडोदरा में भी शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से वडोदरा जिले में महिलाओं, नवयुवकों और परिवारों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

Tags: Vadodara