सूरत : अस्पताल के बेड से मतदान केंद्र तक पहुंचे मरीज, उमेशभाई मिश्रा बने मिसाल
किडनी बीमारी से जूझ रहे मरीज ने एंबुलेंस से जाकर डाला वोट, डॉक्टरों की निगरानी में निभाया लोकतांत्रिक कर्तव्य
सूरत। सूरत में लोकतंत्र दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक घटना सामने आई, जिसने मतदान के महत्व को और मजबूत किया। हीराबाग क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी 46 वर्षीय उमेशभाई मिश्रा, जो किडनी की गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे, उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक मिसाल पेश की।
उमेशभाई मिश्रा पिछले कुछ दिनों से पी.पी. सवाणी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। रविवार सुबह उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ के सामने मतदान करने की इच्छा जताई। उनकी इस इच्छा को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों से परामर्श कर विशेष व्यवस्था की।
इसके बाद सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम की निगरानी में मरीज को एंबुलेंस के जरिए वार्ड नंबर 4, बूथ नंबर 24 तक ले जाया गया, जहां उन्होंने अपना कीमती वोट डाला। मतदान के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से वापस अस्पताल लाया गया और इलाज जारी रखा गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज की दृढ़ इच्छाशक्ति और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता ने सभी को प्रेरित किया। मतदान के बाद अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों ने भी उनकी इस पहल की सराहना की।
यह घटना दर्शाती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, नागरिक अपने अधिकार और कर्तव्य के प्रति सजग रहकर लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं।
