सूरत : एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की सतर्कता, ₹1.5 लाख से भरा यात्री का बैग सुरक्षित लौटाया
सीसीटीवी जांच से यात्री की पहचान कर त्वरित कार्रवाई, पेशेवर कार्यप्रणाली की सराहना
सूरत। सूरत एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह सीआईएसएफ की सतर्कता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया, जहां सुरक्षा कर्मियों ने एक यात्री का खोया हुआ हैंड बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सही मालिक को लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे घरेलू उड्डयन सुरक्षा जांच क्षेत्र (एसएचए) में एक यात्री द्वारा गलती से छोड़ा गया हैंड बैग सेन्ट्रल इन्डस्ट्रीयल सिक्युरीटी फोर्स (सीआईएसएफ) के कर्मियों को मिला।
तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर बैग के मालिक की पहचान श्री प्रितेश कंसारा के रूप में हुई।
बताया गया कि बैग में करीब ₹1.5 लाख की नकदी रखी हुई थी। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीआईएसएफ ने बैग को सुरक्षित रूप से यात्री को सौंप दिया।
उक्त यात्री फ्लाइट संख्या 6E-6399 से सूरत से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने सीआईएसएफ कर्मियों की तत्परता, सतर्कता और पेशेवर कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि सूरत हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जा रहा है।
