सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा ‘विमेन एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव’ आयोजित, महिला उद्यमियों को मिला सशक्त मंच
नूपुर शर्मा बोलीं—महिलाओं की सफलता से ही समाज और देश होगा समृद्ध
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के विमेन एंटरप्रेन्योर सेल द्वारा सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में ‘विमेन एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘ब्रेकिंग बैरियर्स एंड एम्ब्रेसिंग स्ट्रेंथ’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में महिला उद्यमियों को नेटवर्किंग, मार्गदर्शन और प्रेरणा का मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नूपुर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दूसरों की सफलता में खुश होना और उसमें भागीदारी निभाना समाज और देश को आगे बढ़ाने का मूल मंत्र है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में महिलाएं सुरक्षित और विकसित हैं तथा उन्हें अपनी क्षमता पहचानकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य महिला उद्यमियों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म देना है, जहां वे आपस में जुड़कर अनुभव साझा कर सकें और अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकें।
कॉन्क्लेव में एक्सपर्ट स्पीकर्स के रूप में राजल सी., डॉ. आंचल पंथ और डॉ. शुभ्रा पांडे ने भाग लिया। उन्होंने महिला उद्यमियों को फाइनेंस, मार्केटिंग, ब्रांडिंग, पर्सनल प्रेजेंटेशन और हेल्थ मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
विमेन एंटरप्रेन्योर सेल की चेयरपर्सन अंकिता वालंद ने कहा कि यह कॉन्क्लेव महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम में पैनल डिस्कशन, इंटरैक्टिव सेशन और नेटवर्किंग एक्टिविटीज़ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में चैंबर के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
