सूरत : केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 ओएनजीसी सूरत ने कक्षा 12 में हासिल किया शत-प्रतिशत परिणाम
विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण से विद्यालय ने दोहराई शैक्षणिक उत्कृष्टता
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 ओएनजीसी सूरत ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार ने इस शानदार सफलता पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा, “हमें अपने सभी विद्यार्थियों पर अत्यंत गर्व है। उनकी सफलता विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासित वातावरण को दर्शाती है।”
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में मदीहा सय्यद ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। हपालिया कृपा ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवम रंजन ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
प्राचार्य राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में घोषित सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में भी विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा था। उन्होंने कहा कि लगातार उत्कृष्ट परिणाम विद्यालय की उच्च शैक्षणिक परंपरा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
