सूरत : कवास में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ, शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि

एनटीपीसी कावास में आयोजित समारोह में अग्नि सुरक्षा जागरूकता पर जोर, पुस्तिका का विमोचन

सूरत : कवास में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ, शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि

सूरत के कवास स्थित एनटीपीसी परिसर में 14 अप्रैल 2026 को अग्निशमन सेवा सप्ताह का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (कवास) श्रीकांत केरहाकर सहित NTPC/KGPP के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में CISF इकाई के उप कमांडेंट के.पी.एस. सैनी, सहायक कमांडेंट (अग्नि) प्रभु प्रसाद एवं अन्य बल कर्मियों ने भी शहीदों को नमन किया। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों और दर्शकों ने वीर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया।

इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा अग्नि सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अग्नि सुरक्षा पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। उन्होंने CISF इकाई, KGPP कवास (सूरत) के फायर विंग की प्रतिबद्धता, तत्परता और सेवा भाव की सराहना की।

अग्निशमन सेवा सप्ताह 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष का थीम है— “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ।” सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को अग्नि से बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अग्निशमन सेवा दिवस हर वर्ष 14 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिवस 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक में हुए भीषण अग्निकांड की स्मृति में आयोजित किया जाता है, जिसमें विस्फोटक सामग्री से भरे जहाज में लगी आग को बुझाने के दौरान मुंबई फायर सर्विस के 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनके अदम्य साहस और बलिदान को सम्मान देने के लिए यह दिवस पूरे देश में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

Tags: Surat