सूरत : सीएम भूपेंद्र पटेल का मेगा रोड शो, पाटीदार क्षेत्रों में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

सीमाडा नाका से हीराबाग तक जनसैलाब; चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में सुरक्षा कड़ी, लोगों में जबरदस्त उत्साह

सूरत : सीएम भूपेंद्र पटेल का मेगा रोड शो, पाटीदार क्षेत्रों में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

सूरत। राज्य में लोकल बॉडी चुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी ने सूरत में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गुजरात के मुख्यमंत्री भुपेन्द्र पटेल ने शहर के पाटीदार बहुल क्षेत्रों में भव्य रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया।

सीमाडा नाका से हीराबाग सर्कल तक निकले इस हाई-प्रोफाइल रोड शो में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री जिस विशेष वाहन में सवार थे, उस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरें लगी थीं, जो पार्टी के नेतृत्व और विकास एजेंडा का संदेश दे रही थीं।

यह "जन सभा यात्रा" नाना वराछा की ढलान से शुरू होकर वार्ड नंबर 3 चुनाव कार्यालय, चिकुवाड़ी सीएनजी पंप, मारुति सुजुकी शोरूम चिकुवाड़ी, बाप्स मंदिर कापोद्रा, पीपी मनिया हॉस्पिटल, कपोद्रा पुलिस स्टेशन, वार्ड नंबर 4 चुनाव कार्यालय, कापोद्रा चार रास्ता, रुद्राक्ष कॉम्प्लेक्स, हीराबाग सर्कल पर खत्म हुई।

पूरे मार्ग पर डीजे और साउंड सिस्टम के जरिए “अएगी तो भाजपा ही ” जैसे गीतों से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा गया।

रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे कई जगहों पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी गाड़ियां और बाइक सड़क किनारे खड़ी कर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और फोटो-वीडियो बनाने में जुटे रहे।

हीरा और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े हजारों कारीगर भी काम छोड़कर रोड शो में शामिल हुए। हीरा फैक्ट्रियों के बाहर कारीगर अस्थायी सीढ़ियों और ऊंचे प्लेटफॉर्म पर चढ़कर मुख्यमंत्री को देखने का प्रयास करते नजर आए। 

इस दौरान ब्रह्मो समाज और संतों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। संतों ने उन्हें तलवार, श्रीमद् भगवद गीता और रुद्राक्ष की माला भेंट कर आशीर्वाद दिया।

रोड शो जब अस्पताल क्षेत्र से गुजरा, तब मेडिकल स्टाफ भी अपने काम के बीच बालकनी और खिड़कियों से इस दृश्य को देखने और मोबाइल में कैद करने में जुटा रहा।

 चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में हुए इस रोड शो के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। राजनीतिक माहौल के बीच यह शक्ति प्रदर्शन सूरत नगर निगम चुनाव में अहम माना जा रहा है।