सूरत : सचिन जीआईडीसी में ग्रीन स्पेस से नई कनेक्टिविटी का उद्घाटन, इंडस्ट्रियल एरिया को मिला शॉर्टकट मार्ग

नई एलईडी लाइटिंग और सड़क सुविधा से इंडस्ट्रियलिस्ट व वर्कर्स को मिलेगा बड़ा लाभ

सूरत : सचिन जीआईडीसी में ग्रीन स्पेस से नई कनेक्टिविटी का उद्घाटन, इंडस्ट्रियल एरिया को मिला शॉर्टकट मार्ग

सूरत। सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में इंडस्ट्रियल गतिविधियों को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

रोड नंबर 8 पर 8/4 जंक्शन सागर चौकड़ी के पास प्लॉट नंबर 435 के पीछे स्थित ग्रीन स्पेस को सचिन नोटिफाइड अथॉरिटी द्वारा साफ-सफाई कर समतल किया गया और यहां टू-व्हीलर व फोर-व्हीलर जैसी छोटी गाड़ियों के आवागमन के लिए नई व्यवस्था को विकसित किया गया है।

सचिन इंडस्ट्रियल सोसायटी के सेक्रेटरी मयूर गोलवाला ने जानकारी देते हुए कहा कि इस नई सुविधा के शुरू होने से इंडस्ट्रियलिस्ट और कामगारों को अब करीब 1 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।

वे इस शॉर्टकट मार्ग के जरिए सीधे कॉलोनी के सरदार वल्लभभाई पटेल ज़ोन तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी।

इस सड़क का उद्घाटन इंडस्ट्रियलिस्ट भरत मोवलिवा और गिरीशभाई गोधानी द्वारा रिबन काटकर किया गया।

इसके अलावा, सचिन जीआईडीसी के एंट्री गेट नंबर 4 पर नोटिफाइड अथॉरिटी द्वारा एक आधुनिक एलईडी अल्फाबेटिकल बोर्ड भी स्थापित किया गया है, जिससे गेट की सुंदरता और पहचान में वृद्धि हुई है। इस बोर्ड का उद्घाटन सोसाइटी के डायरेक्टर गौरांग चपटवाला ने किया।

इस अवसर पर सचिन इंडस्ट्रियल सोसायटी के प्रेसिडेंट किशोर पटेल, वाइस प्रेसिडेंट नीलेश गामी, सेक्रेटरी मयूर गोलवाला, डायरेक्टर गौरांग चपटवाला, भीखूभाई नकरानी, मुकेश चर्तुवेदी, हेमंत जरीवाला, मैनेजर अरविंद अहीर सहित अन्य पदाधिकारी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

इस पहल से क्षेत्र में ट्रैफिक सुगमता बढ़ने के साथ-साथ इंडस्ट्रियल कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags: Surat