सूरत : नगर निगम चुनाव की तस्वीर साफ, 120 सीटों के लिए 483 उम्मीदवार मैदान में
नाम वापसी के अंतिम दिन 16 उम्मीदवारों ने लिया फॉर्म वापस, भाजपा-कांग्रेस-आप में त्रिकोणीय मुकाबला
सूरत। सूरत में नगर निगम के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद शहर के 30 वार्ड की 120 सीटों के लिए कुल 483 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
लोकल सेल्फ-गवर्नमेंट चुनाव-2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दौरान शुरुआत में कुल 1059 उम्मीदवारों ने फॉर्म भरे थे। स्क्रूटनी के दौरान 561 फॉर्म विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए थे। इसके बाद बुधवार को अंतिम दिन 16 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिससे कुल उम्मीदवारों की संख्या घटकर 483 रह गई।
राजनीतिक दलों के अनुसार देखें तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 120, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) के 117, आम आदमी पार्टी (आप) के 111 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 135 उम्मीदवार निर्दलीय और अन्य दलों से जुड़े हैं। इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय रहने की संभावना है।
चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा और परिणाम 28 अप्रैल को होगा। अंतिम सूची जारी होने के साथ ही सभी वार्डों में उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है और अब चुनाव प्रचार तेज होने की उम्मीद है।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। आचार संहिता के तहत सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
