सूरत : कपड़ा बाजार में आगजनी रोकने को फोस्टा-टोरेंट पावर की अहम बैठक, सुरक्षा उपायों पर बनी रणनीति

ओवरलोड, असुरक्षित वायरिंग और मेंटेनेंस की कमी बनी बड़ी वजह; सेल्फ डिक्लेरेशन और तकनीकी सुधार पर जोर

सूरत : कपड़ा बाजार में आगजनी रोकने को फोस्टा-टोरेंट पावर की अहम बैठक, सुरक्षा उपायों पर बनी रणनीति

सूरत। कपड़ा बाजार में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए  फोस्टा और टोरेंट पावर  के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आग की घटनाओं के कारणों पर चर्चा कर ठोस और प्रभावी समाधान तैयार करना था।

बैठक में फोस्टा के महामंत्री दिनेश कटारिया ने बताया कि टोरेंट पावर से मिली जानकारी के अनुसार कई दुकानों में निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली लोड का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों का सही लोड विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते सुधार कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वायर जॉइंट के लिए पारंपरिक ब्लैक टेप के बजाय कनेक्टर या टर्मिनल का उपयोग किया जाए, जिससे ढीले कनेक्शन, स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट जैसी समस्याओं को कम किया जा सके और वायरिंग अधिक सुरक्षित बने।

टोरेंट पावर के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 10 किलोवाट तक लोड बढ़ाने की प्रक्रिया सरल है और इसमें किसी जटिल कागजी प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होती।

बैठक में आगजनी की घटनाओं के प्रमुख कारणों के रूप में अस्थायी वायरिंग का अत्यधिक उपयोग, एयर कंडीशनर की नियमित सर्विसिंग का अभाव और विद्युत उपकरणों का असुरक्षित उपयोग सामने आया।

टोरेंट पावर की ओर से बताया गया कि बाजारों में सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म वितरित किए गए हैं और कई स्थानों पर नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा, लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर द्वारा मीटर के बाद की वायरिंग, लोड, स्विच, कनेक्शन और अर्थिंग की स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे गए, जिनमें सभी संबंधित पक्षों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करना, सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म दोबारा भरवाना, दुकानों के लोड का विश्लेषण करना और जरूरत के अनुसार तुरंत तकनीकी सुधार लागू करना शामिल है।

अंत में यह सर्वसम्मति बनी कि आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापारियों, फोस्टा और टोरेंट पावर के बीच बेहतर समन्वय, जागरूकता और नियमित निरीक्षण बेहद जरूरी है। बैठक में टोरेंट पावर के अधिकारी भाविक देसाई, दीपेन पटेल, कार्तिक चावला, चेतनभाई सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।