सूरत : मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-2 में फिर लगी आग, दो महीने में दूसरी घटना

भाठेना स्थित मार्केट की छठी मंजिल पर लगी आग, घंटों की मशक्कत के बाद काबू; कोई जनहानि नहीं

सूरत : मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-2 में फिर लगी आग, दो महीने में दूसरी घटना

सूरत। सूरत के भाठेना इलाके स्थित मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-2 में मंगलवार (14 अप्रैल) आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मार्केट की छठी मंजिल पर स्थित दुकान नंबर 645 में अचानक आग भड़क उठी। ऊंचाई पर आग लगने के कारण धुआं तेजी से पूरे मार्केट में फैल गया, जिससे व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां रवाना कीं। करीब 10 से 15 फायर फाइटर्स मौके पर पहुंचे और चारों ओर से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने साहस दिखाते हुए छठी मंजिल तक पहुंचकर आग को अन्य दुकानों में फैलने से रोक दिया।

बताया जा रहा है कि दुकान में रखे कपड़े की अधिक मात्रा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। हालांकि, आग लगने के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि इसी मार्केट में 20 फरवरी को भी आग की घटना सामने आई थी, जिसमें लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया था। फिलहाल, फायर विभाग द्वारा कूलिंग ऑपरेशन जारी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

Tags: Surat