सूरत : रिश्तों की समझ पर चैंबर का विशेष सेशन, ‘माइंड मैटर्स, हार्ट कनेक्ट्स’ में एक्सपर्ट्स ने दी अहम सीख
‘ABC फॉर्मूला’ से रिश्ते मजबूत बनाने पर जोर, मानसिक और यौन स्वास्थ्य पर खुलकर हुई चर्चा
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा हेल्थ सीरीज के अंतर्गत ‘माइंड मैटर्स, हार्ट कनेक्ट्स’ विषय पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन रविवार, 29 मार्च 2026 को समृद्धि, नानपुरा में किया गया। इस सत्र में रिश्तों की समझ, मानसिक स्वास्थ्य और यौन जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
साइकेट्रिस्ट और रिलेशनशिप एक्सपर्ट डॉ. तृप्ति पटेल ने ‘रिलेशनशिप की ABC’ पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि किसी भी रिश्ते की नींव ‘A – एक्सेप्टेंस (स्वीकृति), B – बाउंड्रीज़ (सीमाएं) और C – कम्युनिकेशन (संचार)’ पर टिकी होती है।
उन्होंने कहा कि रिश्तों में आपसी समझ, विश्वास और खुला संवाद बेहद जरूरी है। साथ ही, युवाओं को सोशल मीडिया के प्रभाव से संतुलन बनाकर वास्तविक रिश्तों को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
वहीं, साइकेट्रिस्ट और सेक्स थेरेपिस्ट डॉ. नमिता गांजावाला ने ‘सेक्सुअल अवेयरनेस’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज में इस विषय को लेकर अब भी झिझक और भ्रांतियां मौजूद हैं, जिन्हें दूर करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ यौन जीवन के लिए सही और वैज्ञानिक जानकारी जरूरी है और इस पर खुली चर्चा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर के ग्रुप चेयरमैन राकेश गांधी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में व्यक्तिगत और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए मानसिक संतुलन और समझ अत्यंत आवश्यक है।
चैंबर की पब्लिक हेल्थ कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. पारुल वडगामा ने इस तरह के सत्रों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन से युवा और दंपत्ति एक संतुलित और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन पब्लिक हेल्थ कमेटी के को-चेयरमैन डॉ. राजन देसाई ने किया। उन्होंने अंत में सभी अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
यह सत्र समाज में रिश्तों की समझ को गहरा करने और मानसिक व सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
