सूरत : सूरत में रिंग रोड कनेक्टिंग मार्ग एक माह के लिए बंद, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

सूरत : सूरत में रिंग रोड कनेक्टिंग मार्ग एक माह के लिए बंद, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

गोपिन सर्किल जंक्शन पर बाहरी रिंग रोड को जोड़ने वाली टी.पी. रोड 15 अप्रैल से 15 मई 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा

सूरत नगर निगम द्वारा न्यू ईस्ट (सरथाना) जोन में टी.पी. स्कीम नंबर 84 के अंतर्गत स्टॉर्म बॉक्स नालियों के निर्माण कार्य को लेकर महत्वपूर्ण ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। नगर निगम आयुक्त एम. नागराजन ने बॉम्बे प्रांतीय नगर निगम अधिनियम, 1949 की धारा 236 (1) (2) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार गोपिन सर्किल जंक्शन पर बाहरी रिंग रोड को जोड़ने वाली टी.पी. रोड को 15 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। यह निर्णय रिंग रोड के दोनों ओर स्टॉर्म बॉक्स नालियों के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।

निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नंद चौक (मोटा वराछा) से रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहन मोटा वराछा-अब्रामा चेक पोस्ट फोर रोड से बाएं मुड़कर कष्टभंजन चौक होते हुए रिंग रोड तक पहुंच सकेंगे। वहीं रिंग रोड से नंद चौक की ओर जाने वाले वाहन कष्टभंजन चौक से अंदरूनी मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।

इसी प्रकार, अब्रामा गांव से रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहन गोपिन रिवर विले थ्री रोड से दाएं मुड़कर प्रमुख एक्सोटिका फोर रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। रिंग रोड से अब्रामा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी कष्टभंजन चौक और अन्य वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और निर्माण कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखें। कार्य पूर्ण होने के बाद उक्त मार्ग को पुनः यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

Tags: Surat