सूरत : ग्लोबल मार्केट्स पर मंथन, एंटरप्रेन्योर्स और इन्वेस्टर्स को दी गई रणनीतिक गाइडेंस
चैंबर ऑफ कॉमर्स और JM फाइनेंशियल प्राइवेट वेल्थ के संयुक्त सेशन में मैक्रोइकोनॉमिक ट्रेंड्स, जियोपॉलिटिकल असर और निवेश के नए अवसरों पर चर्चा
सूरत। बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य के बीच एंटरप्रेन्योर्स और निवेशकों को सही दिशा देने के उद्देश्य से सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और JM फाइनेंशियल प्राइवेट वेल्थ के संयुक्त तत्वावधान में एक इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 मार्च 2026 को सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं और विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक आर्थिक हालात में सही जानकारी और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे आयोजनों से उद्योगपतियों और निवेशकों को वैश्विक बाजार के रुझानों और निवेश के अवसरों की बेहतर समझ मिलती है।
मुख्य अतिथि के रूप में लूथरा ग्रुप के चेयरमैन गिरीश लूथरा ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में हो रहे बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जियोपॉलिटिकल परिस्थितियां, तकनीकी विकास और सप्लाई चेन में बदलाव का सीधा प्रभाव उद्योग और निवेश क्षेत्र पर पड़ रहा है। उन्होंने निवेशकों को दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने और मजबूत आधार वाले सेक्टर्स में निवेश करने की सलाह दी।
एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के फाउंडर प्रमोटर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अश्विन देसाई ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे प्रयास देश के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से केमिकल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में संभावनाओं पर जोर दिया।
जैनम ब्रोकिंग लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और को-फाउंडर मिलन पारिख ने निवेशकों को संबोधित करते हुए दीर्घकालिक और वैल्यू-बेस्ड निवेश रणनीति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सही विविधीकरण और जोखिम प्रबंधन से पोर्टफोलियो को स्थिर रखा जा सकता है।
इसके अलावा, एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरपर्सन कमलविजय तुलसियान ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में निरंतर विकास हो रहा है और आने वाले समय में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे।
JM फाइनेंशियल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनीष गर्ग ने ग्लोबल मार्केट आउटलुक पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें निवेश रणनीतियों, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट और हाई नेटवर्थ निवेशकों के लिए विशेष समाधान पर जानकारी दी गई। वहीं, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC की टीम ने भी निवेशकों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। सेशन का संचालन जाह्नवी तुलसियान ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
