सूरत : पश्चिमी भारत का सबसे बड़ा सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026 का आगाज़ 13 मार्च से

चार दिन तक सरसाना में दिखेंगी देश-विदेश की लग्जरी कारें, टू-व्हीलर और नई ऑटो टेक्नोलॉजी

सूरत : पश्चिमी भारत का सबसे बड़ा सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026 का आगाज़ 13 मार्च से

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026’ का आयोजन 13 से 16 मार्च 2026 तक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। यह ऑटो एक्सपो का सातवां संस्करण है, जिसे चैंबर के इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन सीरीज़ के तहत आयोजित किया जा रहा है।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि गुजरात तेजी से ऑटोमोबाइल हब के रूप में उभर रहा है। इस मेगा शो में देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों की कारें, टू-व्हीलर, कमर्शियल वाहन और लेटेस्ट वर्कशॉप टेक्नोलॉजी प्रदर्शित की जाएगी। कार, टू-व्हीलर, कमर्शियल और एंसिलरी सेगमेंट सहित 70 से अधिक ब्रांड इस एक्सपो में भाग ले रहे हैं।

चैंबर के उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि ऑटो एक्सपो का उद्घाटन 13 मार्च को सुबह 10 बजे उषाकांत मारफतिया हॉल में होगा। उद्घाटन विन्टेज और क्लासिकल कार क्लब ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन नितिनभाई डोसा करेंगे।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और एसआरके ग्रुप के संस्थापक गोविंदभाई ढोलकिया, हरि कृष्णा एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन पद्मश्री सावजीभाई डी. ढोलकिया  तथा केपी एनर्जी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. फारूकभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ई. राजीव  भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

चैंबर के पदाधिकारियों बिजल जरीवाला और ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी  ने बताया कि ऑटो एक्सपो में एक ही छत के नीचे पूरा ऑटो सॉल्यूशन मिलेगा। यहां वाहनों के साथ-साथ ऑटो एक्सेसरीज़, स्पेयर पार्ट्स, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों पर भी विशेष फोकस रहेगा।

प्रमुख ब्रांड्स की भागीदारी

ऑटो एक्सपो के चेयरमैन मेहुल देसाई के अनुसार यह दिल्ली के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा कंपोजिट ऑटो एक्सपो माना जाता है। इसमें मिनी कूपर, ऑडी, मर्सिडीज़, बीएमड्ब्लू, जगुआर-लैंड रोवर, टाटा मोटर्स, हुंडई, किआ, जीप, एमजी और एमजी सिलेक्ट, रेनॉल्ट, निसान, स्कोडा, टोयोटा, वोल्वो, सिट्रोएन और महिंद्रा जैसे 20 से  से अधिक प्रतिष्ठित ब्रांड शामिल होंगे।

टू-व्हीलर और अन्य सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड, सुजुकी, केटीएम, एथर, रिवर, काइनेटिक इलेक्ट्रिक ट्रक, बजाज चेतक, ट्रायम्फ यामाहा, टीवीएस जैसे ब्रांड भी अपनी नई तकनीक पेश करेंगे।

एक्सपो के खास आकर्षण

एक्सपो में लगभग 10 दुर्लभ विंटेज कारें विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा 19 नई पैसेंजर गाड़ियां और 3 कमर्शियल वाहनों का प्रदर्शन किया जाएगा। विजिटर्स के लिए स्टंट बाइक शो और ऑफ-रोड प्रूविंग ग्राउंड भी आयोजित किए जाएंगे।

चैंबर के को-चेयरमैन कनुभाई मोदी और प्रद्युम्नसिंह जडेजा ने बताया कि इस आयोजन में मोबिल, ऑल इंडिया ऑटोमोबाइल वर्कशॉप्स एसोसिएशन, सूरत कार एक्सेसरीज़ एसोसिएशन और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का सहयोग प्राप्त हुआ है। 

उन्होंने कहा कि यह ऑटो एक्सपो उद्योग जगत, उद्यमियों और वाहन प्रेमियों के लिए नई तकनीक और वैश्विक ट्रेंड्स को करीब से जानने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।