सूरत : दिल दहला देने वाली सामूहिक आत्महत्या,सूदखोर की प्रताड़ना ने ली पति, पत्नी और मासूम बेटी की जान
हैप्पी एलिगेंस बिल्डिंग में मातम: वैभव रूंगटा की रंगदारी और टॉर्चर से तंग आकर परिवार ने खाया जहर; आरोपी फरार
सूरत के वेसू इलाके में स्थित हैप्पी एलिगेंस अपार्टमेंट में मंगलवार (24 फरवरी) शाम एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सामूहिक आत्महत्या से शहर दहल गया। बालमुकुंद ओमप्रकाश खेतान ने कथित रूप से अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ ज़हर खा लिया।
बालमुकुंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी प्रियंका और बड़ी बेटी की बुधवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। छोटी बेटी की हालत में सुधार है और वह बच गई।
घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने एक व्यक्ति—वैभव शिवकुमार रूंगटा—द्वारा कथित रंगदारी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाया। नोट में आरोप है कि आरोपी ने मृतक की कार और क्रेडिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिए थे तथा कार्ड से महंगी खरीदारी भी की थी।
मृतक बालमुकुंद खेतान मूल रूप से पटना (बिहार) का रहने वाला था और पिछले करीब ढाई वर्षों से वेसू कैनाल रोड क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहा था। वह घर से ही स्टॉक मार्केट का काम करता था। मृतक के ससुर संजय अग्रवाल, जो रिंग रोड स्थित मिलेनियम मार्केट में साड़ी व्यापारी हैं, ने वेसू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बताया जा रहा है कि ज़हर का असर होने के बाद छोटी बेटी को उल्टी हुई, जिससे उसे कुछ होश आया। उसने हिम्मत जुटाकर फ्लैट का मुख्य दरवाज़ा खोला और पड़ोसियों को सूचना दी।
इसके बाद 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। मेडिकल टीम ने जांच के बाद बालमुकुंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी और दोनों बेटियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को आशंका है कि परिवार ने एल्युमिनियम फॉस्फाइड (पामफोस) नामक ज़हरीला पदार्थ निगला। सुसाइड नोट में आरोपी द्वारा लगातार धमकी और पैसों के लिए दबाव बनाने का उल्लेख है।
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी वैभव रूंगटा फ्लैट पर पहुंचा और कुछ समय तक वहीं मौजूद रहा, लेकिन बाद में फरार हो गया। वेसू पुलिस ने उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेसू पुलिस स्टेशन के पीआई जे.सी. जाधव ने पुष्टि की कि सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
