सूरत : “कृष्णं वंदे जगतगुरुम्” के साथ सूरत में श्रीमद् भगवद् गीता कोर्स का भव्य आगाज़

त्रिदिवसीय आयोजन के पहले दिन उमड़ा जनसैलाब, भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक संदेशों से सराबोर हुआ माहौल

सूरत : “कृष्णं वंदे जगतगुरुम्” के साथ सूरत में श्रीमद् भगवद् गीता कोर्स का भव्य आगाज़

सूरत में सोशल आर्मी ग्रुप द्वारा संपदा फेस्टिविटी स्थल पर 9, 10 और 11 अप्रैल को त्रिदिवसीय श्रीमद् भगवद् गीता कोर्स का भव्य शुभारंभ किया गया। “कृष्णं वंदे जगतगुरुम्” की भावपूर्ण थीम के साथ शुरू हुआ यह आयोजन पहले ही दिन से श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिन बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली। मुख्य वक्ता पारसभाई पांधी ने गीता के ज्ञान के माध्यम से जीवन में सकारात्मकता लाने और नकारात्मक विचारों से बाहर निकलने का प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को आध्यात्मिकता के माध्यम से जीवन को सही दिशा देने का आह्वान किया।

भक्ति का माहौल तब और गहरा गया, जब गुजरात की प्रसिद्ध गायिका उर्वशीबेन रादड़िया और गायक ऋषभ अग्रावत ने मधुर कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, नृत्य कलाकार अमीबेन पटेल और उनकी टीम ने भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर ईश्वरभाई धोलकिया, घनश्यामभाई शंकर, धीरुभाई नारोला, कनैयालाल नारोला, राकेशभाई दुधात, अश्विनभाई सभाया, पियूषभाई केवडिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही सूरत शहर के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नकारात्मक सोच को दूर कर उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। इस दौरान यह संदेश भी दिया गया कि जीवन में केवल भौतिक संपन्नता ही नहीं, बल्कि संस्कार, ज्ञान और नैतिक मूल्यों का भी समान महत्व है। सोशल आर्मी ग्रुप की यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

Tags: Surat