सूरत : नवी सिविल के गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज में 12वें बैच की ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित
फर्स्ट ईयर स्टूडेंट्स ने ली सेवा की शपथ, चांसलर डॉ. के.एन. चावड़ा की मौजूदगी में कार्यक्रम सम्पन्न
सूरत। गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज, नवी सिविल परिसर में B.Sc नर्सिंग के 12वें बैच की ग्रेजुएशन सेरेमनी और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. के.एन. चावड़ा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर चांसलर डॉ. के.एन. चावड़ा ने स्नातक हो रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सिंग स्टाफ हर परिस्थिति—चाहे त्योहार हो या प्राकृतिक आपदा—में सेवा के लिए सदैव अग्रणी रहता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग पेशा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है और नर्सिंग स्टूडेंट्स देश का गौरव हैं।
नर्सिंग काउंसिल के चेयरमैन इकबाल कड़ीवाला ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग एक “नोबल ग्लोबल प्रोफेशन” है और गुजरात के नर्सिंग क्षेत्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि राज्य के विद्यार्थी अपनी मेहनत और कौशल के दम पर देश-विदेश में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं।
नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. इंद्रावती राव ने विद्यार्थियों के समग्र विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को न केवल उच्च गुणवत्ता की शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें पारिवारिक माहौल और उचित मार्गदर्शन भी प्रदान करता है, ताकि वे अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई पूरी कर समाज की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव मेंबर एवं न्यू सिविल हॉस्पिटल के टीबी एवं चेस्ट विभाग की प्रमुख डॉ. पारुल वडगामा, नर्सिंग एसोसिएशन के नेशनल वाइस प्रेसिडेंट दीपकमल व्यास, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट नीरजाबेन पटेल सहित कॉलेज के स्टाफ, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
