सूरत :‘सेल्फ वर्थ टू सेल्फ पावर’ सेशन में महिलाओं को मिला आत्मविश्वास बढ़ाने का मंत्र
चैंबर की लेडीज़ विंग की पहल, पूनम लंकापति ने महिलाओं को खुद की ताकत पहचानने के लिए किया प्रेरित
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की लेडीज़ विंग द्वारा ‘सेल्फ वर्थ टू सेल्फ पावर’ विषय पर एक प्रेरणादायक सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी क्षमता पहचानने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
यह सेशन शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को नानपुरा स्थित समृद्धि में आयोजित हुआ, जिसमें इंस्पिरेशनल स्पीकर और कॉर्पोरेट ट्रेनर पूनम लंकापति ने मुख्य वक्ता के रूप में महिलाओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन मयूरीबेन मेवावाला के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं के लिए आत्मविश्वास और सेल्फ-वर्थ की भावना विकसित करना बेहद आवश्यक है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
पूनम लंकापति ने अपने संबोधन में महिलाओं को अपनी वास्तविक क्षमता पहचानने, दूसरों से तुलना करने की आदत छोड़ने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में अनूठी प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर सही दिशा में उपयोग करना सफलता की कुंजी है।
उन्होंने यह भी बताया कि जीवन में आने वाली असफलताओं को सीखने का अवसर मानना चाहिए और आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने की आदत विकसित करनी चाहिए। महिलाओं को गिल्ट की भावना से मुक्त होकर अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में निर्भीकता से आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान लेडीज़ विंग की वाइस चेयरपर्सन अल्पाबेन मद्रासी ने मुख्य वक्ता का परिचय कराया और उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सेशन का संचालन ट्रैफिक एजुकेशन एवं अवेयरनेस कमेटी की चेयरपर्सन कामिनीबेन डुमासवाला ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने सेशन को बेहद प्रेरणादायक और मार्गदर्शक बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
