सूरत : एआई-संचालित ‘स्पीड बिजनेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’, 10 करोड़ से अधिक व्यापार की संभावनाएं

600 से ज्यादा उद्यमियों की भागीदारी, तीन राउंड में 2584 बिजनेस रेफरेंस का आदान-प्रदान

सूरत : एआई-संचालित ‘स्पीड बिजनेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’, 10 करोड़ से अधिक व्यापार की संभावनाएं

सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के एसबीसी (एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट) द्वारा सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को एआई-संचालित ‘स्पीड बिजनेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’ का सफल आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस कॉन्क्लेव में गुजरात के विभिन्न शहरों से 600 से अधिक उद्यमियों और प्रोफेशनल्स ने भाग लिया।

कॉन्क्लेव की खासियत यह रही कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से नेटवर्किंग को तेज और प्रभावी बनाया गया। तीन अलग-अलग राउंड में आयोजित फेस-टू-फेस बिजनेस मीटिंग्स के दौरान कुल 2584 रेफरेंस का आदान-प्रदान हुआ, जिससे 10 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित व्यापार का अनुमान लगाया गया।

कार्यक्रम में मुंबई के एनएलपी ट्रेनर अमित पाठक और सूरत के बिजनेस कोच विशाल शाह ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में मार्गदर्शन दिया। अमित पाठक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज केवल तकनीक नहीं, बल्कि बिजनेस ग्रोथ का एक शक्तिशाली माध्यम बन चुका है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योग भी अपनी कार्यक्षमता और प्रतिस्पर्धा बढ़ा सकते हैं। वहीं विशाल शाह ने व्यवसाय में स्पीड और एफिशिएंसी बढ़ाने के लिए डिजिटल टूल्स और ऑटोमेशन के महत्व पर जोर दिया।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि यह देश का पहला ऐसा कॉन्क्लेव है, जिसमें एआई के माध्यम से प्रभावी नेटवर्किंग को बढ़ावा दिया गया। इसका उद्देश्य उद्यमियों को कम समय में अधिक और सार्थक बिजनेस कनेक्शन बनाने का प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना था।

चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने कहा कि इस आयोजन में 10 से अधिक प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के 500 से अधिक उद्यमी एक मंच पर एकत्र हुए, जिससे नए व्यावसायिक संबंधों को बढ़ावा मिला।

कॉन्क्लेव के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को 30-30 मिनट के तीन राउंड में अलग-अलग श्रेणी के उद्यमियों से मिलने का अवसर मिला, जिससे वे अपने प्रोडक्ट्स और सेवाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सके। एआई आधारित इस प्रक्रिया में हर टेबल पर क्युआर कोड की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों ने डिजिटल तरीके से बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की।

एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट कमेटी के चेयरमैन चंद्रकांत प्रजापति ने बताया कि कॉन्क्लेव में सभी गतिविधियों को डिजिटल रूप से रिकॉर्ड किया गया और लाइव स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर चैंबर ग्रुप के चेयरमैन दीपक कुमार सेठवाला ने भविष्य में ऐसे और बड़े नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म विकसित करने की बात कही।

इस आयोजन में सूरत के अलावा गांधीनगर, गांधीधाम, वडोदरा और अहमदाबाद से भी बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया, जिससे यह कॉन्क्लेव राज्य स्तर पर एक महत्वपूर्ण बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में उभरकर सामने आया।

चैंबर के ऑनरेरी ट्रेज़रर, सीए मितेश मोदी ने कॉन्क्लेव में मौजूद सर्वे करने वालों का धन्यवाद किया।कॉन्क्लेव इंचार्ज विशाल बख्शी ने एआई ड्रिवन कॉन्क्लेव के टेक्निकल पहलुओं के बारे में जानकारी दी।

एसजीसीसीआई बिज़नेस कनेक्ट कमेटी के मेंबर हर्ष गुजराती ने स्पीकर्स का परिचय कराया। सुश्री पारुल सोशा, सुश्री पिंकी देसाई और सुश्री पायल शाह ने कॉन्क्लेव का संचालन किया।