सूरत : चैंबर ऑफ कोमर्स द्वारा AI आधारित ‘स्पीड बिज़नेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’ का आयोजन

एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट की अनोखी पहल, 500 से अधिक उद्यमियों को मिलेगा तेज़ और स्मार्ट नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म

सूरत : चैंबर ऑफ कोमर्स द्वारा AI आधारित ‘स्पीड बिज़नेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’ का आयोजन

सूरत।  सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट द्वारा 18 अप्रैल, 2026 को सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में AI आधारित ‘स्पीड बिज़नेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कॉन्क्लेव सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा और इसे देश में अपनी तरह का पहला आयोजन बताया जा रहा है।

चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य एंटरप्रेन्योर्स और प्रोफेशनल्स को तेजी और प्रभावी तरीके से नए बिज़नेस कनेक्शन बनाने का अवसर प्रदान करना है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए नेटवर्किंग प्रक्रिया को स्मार्ट और परिणामदायी बनाया जाएगा।

चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला के अनुसार, इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के 500 से अधिक उद्यमी, व्यवसायी और प्रोफेशनल्स भाग लेंगे। उन्हें फेस-टू-फेस मीटिंग्स के माध्यम से नए बिज़नेस रिलेशनशिप बनाने और आइडिया एक्सचेंज करने का मौका मिलेगा।

कॉन्क्लेव के दौरान 30-30 मिनट के तीन राउंड में बिज़नेस मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रत्येक प्रतिभागी को लगभग 21 अलग-अलग उद्यमियों के साथ बातचीत का अवसर मिलेगा। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से मैनेज की जाएगी, जिससे नेटवर्किंग तेज़ और पारदर्शी होगी।

एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट के चेयरमैन चंद्रकांत प्रजापति ने बताया कि प्रत्येक टेबल पर QR कोड लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से प्रतिभागी अपनी रुचि दर्ज कर सकेंगे। इससे सभी बिज़नेस इंटरैक्शन का डेटा तुरंत सिस्टम में रिकॉर्ड होगा और लाइव स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा।

चैंबर ग्रुप चेयरमैन दीपककुमार सेठवाला और एडवाइजर तपन जरीवाला ने कहा कि यह कॉन्क्लेव सूरत के बिज़नेस इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में मुंबई से अमित पाठक और सूरत से विशाल शाह एक्सपर्ट स्पीकर के रूप में शामिल होंगे, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए बिज़नेस ग्रोथ के नए आयामों पर मार्गदर्शन देंगे।

यह कॉन्क्लेव सूरत के उद्योग और व्यापार क्षेत्र में तकनीक आधारित नेटवर्किंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Tags: Surat SGCCI