वडोदरा में लोकल बॉडी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा, ऑब्ज़र्वर लोचन सेहरा ने दिए दिशा-निर्देश
निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान पर जोर, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के सख्त पालन के निर्देश
गुजरात राज्य चुनाव आयोग द्वारा प्रस्तावित स्थानीय निकाय आम चुनावों की तैयारियों को लेकर वडोदरा में इलेक्शन ऑब्ज़र्वर लोचन सेहरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं तालुका पंचायत ऑब्ज़र्वर राज सुथार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर्स को चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। ऑब्ज़र्वर ने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, जिला पंचायत, तालुका पंचायत और नगर पालिकाओं के चुनावों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत समीक्षा की।
लोचन सेहरा ने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में मतदान प्रक्रिया का निर्बाध और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के संवेदनशील मतदान केंद्रों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक सुझाव दिए गए।
जिला चुनाव अधिकारी एवं कलेक्टर अनिल धामेलिया ने जिले में अब तक की गई तैयारियों और आगामी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। वहीं, उप जिला चुनाव अधिकारी केलैया ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ईवीएम आवंटन, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था और स्टाफ प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर नोडल अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर सहित चुनाव से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
