वडोदरा : डीआरएम राजू भडके ने प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड का किया निरीक्षण

मोरिया स्टेशन को बी क्लास में अपग्रेड करने के कार्य की समीक्षा, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

वडोदरा : डीआरएम राजू भडके ने प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड का किया निरीक्षण

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने 7 अप्रैल 2026 को प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोरिया स्टेशन को डी क्लास से बी क्लास में परिवर्तित करने हेतु चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का संरक्षा निरीक्षण भी किया।

पश्चिम रेलवे वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कुंढ़ेला और तिलकवाडा स्टेशनों पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन मास्टर पैनल रूम तथा हाई लेवल प्लेटफॉर्म नंबर-1 का जायजा लिया। वहीं डभोई स्टेशन पर भी उन्होंने फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

तिलकवाडा स्टेशन पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कार्य को तेज गति से पूरा करने और यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर पेयजल, शेड कवर, साफ-सफाई, लाइटिंग, पंखे और बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान श्री भडके ने मोरिया स्टेशन पर सिग्नल और प्वाइंट इंटरलॉकिंग सिस्टम का भी परीक्षण किया और रेलकर्मियों को सुरक्षित व संरक्षित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। मोरिया स्टेशन के डी क्लास से बी क्लास में अपग्रेड होने से प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड की सेक्शन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे इस मार्ग पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Tags: Vadodara