वडोदरा मंडल ने गैर-किराया राजस्व में रचा नया इतिहास, 7.12 करोड़ रुपये की कमाई

वार्षिक लक्ष्य पार कर पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी तोड़ा, नवाचार और व्यावसायिक उपयोग से मिली सफलता

वडोदरा मंडल ने गैर-किराया राजस्व में रचा नया इतिहास, 7.12 करोड़ रुपये की कमाई

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू – NFR) के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के मार्गदर्शन में मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपने निर्धारित वार्षिक लक्ष्य को पार कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वडोदरा मंडल ने 24 मार्च 2026 तक 7.12 करोड़ रुपये का गैर-किराया राजस्व अर्जित किया है। यह आंकड़ा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य 7.00 करोड़ रुपये से अधिक है। साथ ही, यह उपलब्धि पिछले वर्ष की समान अवधि में अर्जित 6.92 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी पीछे छोड़ती है।

मंडल की यह सफलता विभिन्न गैर-किराया राजस्व स्रोतों के प्रभावी उपयोग और नवाचारपूर्ण पहलों का परिणाम मानी जा रही है। इन प्रयासों में रेलवे परिसरों का व्यावसायिक उपयोग, विज्ञापन माध्यमों का विस्तार, फूड कोर्ट्स का विकास तथा यात्री सुविधाओं में सुधार प्रमुख रूप से शामिल हैं। वडोदरा मंडल ने भविष्य में भी गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने और भारतीय रेल की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Tags: Vadodara