वडोदरा-नागदा रेलखंड पर ‘कवच’ सिस्टम की शुरुआत, सुरक्षा में होगा बड़ा इजाफा
वेस्टर्न रेलवे के जीएम प्रदीप कुमार ने किया उद्घाटन, 224.51 रूट किलोमीटर में लागू होगा स्वदेशी सुरक्षा सिस्टम
वडोदरा-नागदा रेलखंड पर रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वदेशी ‘कवच’ सिस्टम की शुरुआत की गई। सोमवार को वडोदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 से वेस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने इस अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डीआरएम राजू भड़के सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कवच सिस्टम से लैस रेलवे इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
वेस्टर्न रेलवे के सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग द्वारा लागू किया जा रहा यह ‘कवच’ सिस्टम इसके नवीनतम वर्जन 4.0 के मानकों के अनुरूप है, जो स्वदेशी तकनीक को और अधिक सशक्त बनाता है। यह प्रणाली कुल 224.51 रूट किलोमीटर (Rkm) में लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत वडोदरा से मंगल महुडी (122.5 Rkm) तथा पंचपिपल्या से नागदा (102.01 Rkm) के सेक्शन शामिल हैं।
‘कवच’ सिस्टम एक उन्नत स्वदेशी तकनीक है, जो आपात स्थितियों में स्वतः हस्तक्षेप कर ट्रेन संचालन को सुरक्षित बनाती है। यह प्रणाली मानवीय त्रुटियों को कम करने में सहायक है, जिससे रेल दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली के लागू होने से यात्रियों की सुरक्षा और भरोसा दोनों में वृद्धि होगी।
