वडोदरा : डिप्टी सीएम हर्षभाई संघवी ने वडोदरा में नए चैरिटी भवन का किया उद्घाटन
4.12 करोड़ की लागत से बना आधुनिक कार्यालय, अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित परिसर में किया वृक्षारोपण
वडोदरा शहर में गुजरात सरकार के विधि विभाग के अंतर्गत पब्लिक ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन कार्यालय एवं जॉइंट चैरिटी कमिश्नर कार्यालय के लिए निर्मित नए आधुनिक भवन का शनिवार को डिप्टी चीफ मिनिस्टर हर्षभाई संघवी ने उद्घाटन किया। पोलो ग्राउंड के सामने स्थित इस भवन का निर्माण लगभग 4.12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
उद्घाटन के पश्चात डिप्टी सीएम ने भवन का निरीक्षण किया और परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. मनीषाबेन वकील तथा विधि विभाग के सचिव उपेंद्र एम. भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह जी+2 मंजिला भवन कुल 1211.21 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया गया है। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग और रिसेप्शन एरिया, प्रथम तल पर सहायक चैरिटी कमिश्नर का कार्यालय तथा द्वितीय तल पर जॉइंट चैरिटी कमिश्नर का कार्यालय स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त भवन में कार्यालय कक्ष, कोर्ट रूम, स्टाफ रूम, रिकॉर्ड रूम, प्रतीक्षालय और कॉन्फ्रेंस रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में पुरुष एवं महिला शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय, लिफ्ट, वॉटर कूलर रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं। साथ ही परिसर में फायर सेफ्टी सिस्टम और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसे आधुनिक प्रबंध भी किए गए हैं। कैंपस विकास के तहत गार्डन एरिया, सीसी रोड, पंप एवं सम्प रूम, सुरक्षा केबिन, मुख्य प्रवेश द्वार और कंपाउंड वॉल का निर्माण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर जॉइंट चैरिटी कमिश्नर योगिनीबेन सिम्पी, वरिष्ठ अधिकारी वनराजसिंह जेबलिया, डिप्टी सेक्रेटरी अमित गोहिल, डिविजनल ऑफिसर सुधांशु आचार्य सहित राज्य के विभिन्न चैरिटी कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
