वडोदरा स्टेशन पर ‘एयरपोर्ट जैसा अनुभव’, गुजरात के पहले डिजिटल लाउंज का सांसद डॉ. हेमांग जोशी द्वारा उद्घाटन

आधुनिक को-वर्किंग सुविधा के साथ यात्रियों के प्रतीक्षा अनुभव को मिला नया आयाम

वडोदरा स्टेशन पर ‘एयरपोर्ट जैसा अनुभव’, गुजरात के पहले डिजिटल लाउंज का सांसद डॉ. हेमांग जोशी द्वारा उद्घाटन

यात्रियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लाउंज / को-वर्किंग स्पेस विकसित किया गया है, जिसका शनिवार को सांसद डॉ. हेमांग जोशी एवं विधायक केयूर रोकडिया द्वारा उद्घाटन किया गया। यह सुविधा गुजरात में रेलवे स्टेशन पर‌ अपनी तरह की पहली तथा भारतीय रेल पर मुंबई सेंट्रल के बाद दूसरी है, जो वडोदरा स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के नए स्तर पर ले जाती है।

इस अवसर पर सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि वडोदरा रेलवे स्टेशन पर आज ‘विकसित वडोदरा से विकसित भारत’ की झलक दिखाई देती है। जैसे एयरपोर्ट के अंदर VVIP लाउंज होता है, वैसी ही सुविधा अब वडोदरा रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध है। यात्री अब एक ही स्थान पर मीटिंग, चाय-नाश्ता और विश्राम जैसी सभी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। साथ ही, बहुत ही किफायती दरों पर शॉवर और वॉशरूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह वडोदरा के लिए एक महत्वपूर्ण और गर्व का कदम है।

विधायक केयूर रोकडिया ने कहा कि वास्तव में, पहली बार वडोदरा रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। आने वाले समय में बुलेट ट्रेन की कनेक्टिविटी, नए फीचर्स का समावेश तथा कार्गो के लिए अलग डेक जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

इस अवसर पर वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में वडोदरा स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए इसे पश्चिम रेलवे के सबसे स्वच्छ स्टेशनों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में, ‘उत्तम स्वच्छ स्टेशन’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए, एनएफआर पहल के अंतर्गत इस डिजिटल लाउंज की योजना बनाई गई है। वडोदरा के बरगद वृक्ष थीम पर आधारित यह लाउंज अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यह यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा।

उन्होंने आगे बताया कि वडोदरा एक प्रमुख कमर्शियल, इंडस्ट्रियल एवं बिज़नेस हब होने के साथ-साथ एकतानगर एवं धार्मिक स्थलों के कारण यात्रियों का प्रमुख केंद्र है। आने वाले समय में स्टेशन पर 18 महीनों में 4 नए पैदल ऊपरी पुल, दिव्यांगजन सुविधाओं में सुधार तथा हाई-स्पीड ट्रेन कनेक्टिविटी जैसी कई परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि यह डिजिटल लाउंज आधुनिक यात्रा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, जिसमें हाई-स्पीड वाई-फाई, कार्य-स्टेशन, चार्जिंग पॉइंट, आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा कॉन्फ्रेंस सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को प्रिंटिंग, स्कैनिंग, फोटोकॉपी, चाय-नाश्ता एवं पेय पदार्थों की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

यात्रियों के लिए लचीली उपयोग योजनाएं, जैसे अल्पावधि बैठने की सुविधा, प्रति घंटे कार्य-स्थल उपयोग, विस्तारित लाउंज पैकेज, मीटिंग रूम बुकिंग तथा पे-पर-यूज़ सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, अधिक आराम के लिए लाउंजर/रिक्लाइनर सीटिंग की सुविधा भी प्रदान की गई है। यह डिजिटल लाउंज 24x7 संचालित होगा और इसमें रियल-टाइम ट्रेन सूचना प्रदर्शन, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रित प्रवेश, उन्नत शौचालय एवं कैशलेस भुगतान प्रणाली उपलब्ध होगी। स्वच्छता, सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

यह पहल वडोदरा रेलवे स्टेशन को आरामदायक, आधुनिक और उत्पादक यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और पश्चिम रेलवे की यात्री-केंद्रित सेवाओं को नई ऊंचाई देगा।

Tags: Vadodara