वडोदरा : सघन टिकट जांच अभियान में वडोदरा मंडल ने अर्जित किए 18 करोड़ रुपये
बिना टिकट यात्रा पर सख्ती और प्रभावी निगरानी से बढ़ा राजस्व, यात्रियों में नियम पालन की जागरूकता भी बढ़ी
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के वाणिज्य विभाग की टिकट जांच टीम ने सघन टिकट जांच अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में (22 मार्च 2026 तक) 18 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वडोदरा मंडल वैध यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा प्रदान करने तथा बिना टिकट या अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार गहन टिकट जांच अभियान चला रहा है।
विज्ञप्ति में बताया गया कि यह उपलब्धि नियमित और सघन टिकट जांच, क्षेत्रीय स्तर पर बढ़े पर्यवेक्षण, सुदृढ़ सतर्कता और यात्रियों में नियमों के पालन सुनिश्चित करने के प्रयासों का परिणाम है। मंडल की टिकट जांच टीम के समन्वित प्रयास, प्रभावी निगरानी और कार्यकुशलता ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है। वडोदरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
