सूरत : नगर निगम चुनाव, BJP की मीटिंग में 1718 दावेदार बाहर, 360 नाम शॉर्टलिस्ट
120 सीटों के लिए उम्मीदवार चयन का पहला चरण पूरा, अब पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा अंतिम फैसला
सूरत। सूरत शहर में आगामी 26 अप्रैल को होनेवाले नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी की कोऑर्डिनेशन मीटिंग में कुल 2078 दावेदारों में से पहले चरण में 360 नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जबकि करीब 1718 दावेदारों को बाहर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की 120 सीटों के लिए यह चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धात्मक रही। कोऑर्डिनेशन मीटिंग के दौरान प्रत्येक सीट के लिए तीन-तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया गया।
यह लंबी बैठक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई, जिसमें हर दावेदार पर विस्तार से चर्चा की गई।
अब इस शॉर्टलिस्ट किए गए 360 नामों की सूची पार्टी के पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजी जाएगी, जो अंतिम उम्मीदवारों का चयन करेगा। यह चरण दावेदारों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों के चयन में उनके कार्यकाल, लोकप्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा और जीतने की क्षमता जैसे मानकों को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही पार्टी ने युवा और नए चेहरों को भी अवसर देने पर विशेष जोर दिया है।
बड़ी संख्या में दावेदारों के कारण चयन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सूची तैयार कर ली गई है। अब सभी की निगाहें पार्लियामेंट्री बोर्ड के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं, जिससे साफ हो जाएगा कि चुनाव मैदान में पार्टी किन चेहरों पर दांव लगाएगी।
