सूरत : शहर जिले के वीविंग सेक्टर का बड़ा फैसला, अब केवल एक शिफ्ट में चलेंगी मशीनें, 50% प्रोडक्शन की कटौती

फोगवा और 12 अन्य संगठनों ने एकमत से लिया निर्णय; मंदी और मुश्किल हालात में कारीगरों और इंडस्ट्री को बचाने की कवायद

सूरत : शहर जिले के वीविंग सेक्टर का बड़ा फैसला, अब केवल एक शिफ्ट में चलेंगी मशीनें, 50% प्रोडक्शन की कटौती

सूरत। सूरत के टेक्सटाइल उद्योग पर मंडरा रहे आर्थिक संकट और प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए बुनकरों के सबसे बड़े संगठन फेडरेशन ऑफ गुजरात वीवर्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोगवा) ने एक ऐतिहासिक और कड़ा फैसला लिया है।

सोमवार को हुई विभिन्न वीवर एसोसिएशनों की सार्वजनिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान वैश्विक युध्द की परिस्थिति के दौरान अब से सूरत की सभी वीविंग इकाइयाँ 24 घंटे के बजाय केवल 12 घंटे (एक शिफ्ट) ही चलेंगी।

फोगवा के अध्यक्ष एवं  दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कोमर्स के उपाध्यक्ष अशोक जिरावाला ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस फैसले से पहले फोगवा ने 'गूगल फॉर्म' के जरिए शहर जिले के विभिन्न इंडस्ट्रीयल क्षेत्रों के हजारों बुनकरों से उनकी राय मांगी थी। रिव्यू में मिले सुझावों के आधार पर आज सोमवार को हुई पब्लिक मीटिंग में सभी घटक संगठनों ने इस पर अपनी मुहर लगा दी।

सभी बुनकरों को अपनी फैक्टरी अब केवल एक शिफ्ट में चलाने का निर्देश दिया गया है। इस कटौती का मुख्य उद्देश्य वर्तमान मंदी के दौर में इंडस्ट्री के अस्तित्व को बचाना और अनुभवी कारीगरों  को पलायन से रोकना है।

एसोसिएशन का मानना है कि उत्पादन में 50 प्रतिशत की स्वैच्छिक कटौती करने से बाजार में तैयार माल का अंबार नहीं लगेगा, जिससे भविष्य में कपड़ों की मांग और कीमतों में सुधार देखने को मिलेगा। फोगवा ने स्पष्ट किया है कि जब हालात सामान्य होंगे और दोबारा पूरा उत्पादन शुरू करना होगा, तब एसोसिएशन द्वारा आधिकारिक सूचना दे दी जाएगी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय में सूरत के लगभग सभी प्रमुख वीविंग क्लस्टर्स और संगठनों ने एकजुटता दिखाई है।

• फेडरेशन ऑफ गुजरात वीवर वेलफेयर एसोसिएशन (FOGWA)
• रैपियर जैक्वार्ड वीवर एसोसिएशन (RJWAS)
• सूरत एयरजेट वीवर एसोसिएशन (SAWA)
• वॉटरजेट वीवर्स एसोसिएशन
• लसकाना वीवर्स एसोसिएशन
• किम पिपोदरा वीवर्स एसोसिएशन
• बामरोली वीवर्स एसोसिएशन
• पांडेसरा वीवर्स एसोसिएशन
• जोलवा वीवर्स एसोसिएशन
• सचिन होजीवाला एसोसिएशन
• परब-उभेल वीवर्स एसोसिएशन
• सायन वीवर्स एसोसिएशन

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी बुनकरों से अपील की है कि वे व्यापक हित को देखते हुए इस फैसले का कड़ाई से पालन करें। वर्तमान मुश्किल हालात में एकजुट रहकर ही टेक्सटाइल इंडस्ट्री को मंदी के भंवर से निकाला जा सकता है।