आंद्रे रसेल की कमी कैमरून ग्रीन पूरी नहीं कर सकते: मोहम्मद कैफ

आंद्रे रसेल की कमी कैमरून ग्रीन पूरी नहीं कर सकते: मोहम्मद कैफ

नई दिल्ली, 25 मार्च (वेब वार्ता)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी मोहम्मद कैफ का मानना ​​है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में आंद्रे रसेल की कमी कैमरून ग्रीन पूरी नहीं कर पाएंगे।

कैफ ने कहा कि ग्रीन का प्रदर्शन एशेज और टी20 विश्व कप में अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।

कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “ग्रीन बहुत टैलेंटेड हो सकते हैं, लेकिन रसेल की जगह भरने और कोलकाता की फ्रेंचाइजी पर वैसा ही प्रभाव डालने में उन्हें लंबा समय लग सकता है।

वह आंद्रे रसेल के आस-पास भी नहीं हैं। वह एक अच्छे बैटर हैं, लेकिन जब आप उनकी तुलना रसेल से करते हैं तो बहुत बड़ा फर्क दिखता है।”

उन्होंने कहा, “रसेल ने अपनी बल्लेबाजी से बहुत योगदान दिया और वह एक गोल्डन आर्म भी थे। उन्हें हमेशा चार ओवर बॉलिंग करने का मौका नहीं मिला, लेकिन जब भी उन्होंने बॉलिंग की, उन्होंने विकेट लिए। उनकी कमी कैमरून ग्रीन भी पूरी नहीं कर सकते।”

पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने केकेआर की टीम में मौजूद वेस्टइंडीज के एक अन्य ऑलराउंडर रोवमन पॉवेल को भी रसेल के समकक्ष नहीं माना। कैफ ने कहा, “मुझे लगता है कि केकेआर क्रिस गेल के साथ जो हुआ उसे दोहराना नहीं चाहती थी।

आंद्रे रसेल अभी भी कई लीग में खेलते हैं और पूरी तरह से रिटायर नहीं हुए हैं। मुझे लगता है कि बाद में प्लान में बदलाव हुआ। केकेआर को लगा कि अगर यह लड़का नीलामी में जाता है और वही करता है जो क्रिस गेल ने रिलीज होने के बाद किया था, तो वे वही गलती दोबारा करेंगे।

इसलिए बाद में उन्होंने उससे बात की और सपोर्ट स्टाफ में लाने का फैसला किया। इसमें शाहरुख खान की भूमिका अहम है।”

आंद्रे रसेल ने आईपीएल 2026 से पहले लीग से संन्यास ले लिया था। इसके बाद केकेआर ने उन्हें ‘पावर कोच’ के रूप में नियुक्त किया था।

आईपीएल 2026 में केकेआर 29 मार्च को अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी।