सूरत : कपोद्रा में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप, 2 की मौत, कई मजदूर घायल

फैक्ट्री में लगी भीषण आग के बाद दो LPG सिलेंडर फटे, रेस्क्यू ऑपरेशन में कई मजदूरों को बचाया गया

सूरत : कपोद्रा में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप, 2 की मौत, कई मजदूर घायल

सूरत। कपोद्रा क्षेत्र में गौशाला के पास भरतनगर में गुरुवार को तडके एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग के बाद गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रचना सर्कल के पास स्थित एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

आग के बीच फैक्ट्री में मौजूद दो LPG गैस सिलेंडर फट गए, जिससे धमाके की तीव्रता बढ़ गई और जानमाल का नुकसान ज्यादा हुआ। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर डिपार्टमेंट की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए शहर के 7 अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य के दौरान फायर टीमों ने बिल्डिंग में फंसे 8 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि दो गैस सिलेंडरों के फटने से धमाका और आग तेजी से फैली। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग ने मौके का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है।

Tags: Surat