सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का होली मिलन महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
सत्कार समारोह, गणगौर मेला और भजन जैमिंग में समाजजनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी, सांस्कृतिक परंपराओं के साथ भाईचारे का संदेश
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार द्वारा रविवार, 15 मार्च 2026 को सिटीलाईट स्थित श्री माहेश्वरी भवन में होली मिलन समारोह के उपलक्ष्य में सत्कार समारोह, गणगौर मेला एवं भजन जैमिंग का भव्य एवं पारिवारिक आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में बंधु-बांधवों और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे आयोजन में भक्ति, संस्कृति और भाईचारे का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सत्कार समारोह से हुई, जिसमें सूरत महानगरपालिका, आयकर विभाग और जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समाज की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान कर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाज के सहयोगी भामाशाहों का भी सम्मान कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में सूरत जिला माहेश्वरी सभा के कई सदस्य भी उपस्थित रहे। उनके माध्यम से समाज के लिए संचालित सामाजिक सुरक्षा योजना, विभिन्न सामाजिक योजनाओं, विवाह कोष तथा जनगणना से संबंधित जानकारी देने के लिए विशेष काउंटर लगाए गए। इन काउंटरों के माध्यम से समाज बंधुओं को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा कई लोगों को इनका लाभ भी प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं, वहीं गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्षभाई संघवी ने पत्र के माध्यम से कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभेच्छाएं भेजीं। पुलिस विभाग की ओर से भी दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने का खेद व्यक्त किया गया।
इसके पश्चात मारवाड़ी समाज के प्रमुख एवं पारंपरिक पर्व गणगौर के अवसर पर मातृशक्ति के लिए विशेष “गणगौर मेला” आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मेले का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाराष्ट्र से आई विशेष भजन टीम द्वारा भजन जैमिंग की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। भक्ति और संगीत से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र से आकर सूरत में बसे माहेश्वरी परिवारों को एक मंच पर जोड़ना, आपसी भाईचारे और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाना तथा समाज की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाना है। ऐसे पारिवारिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और अपनापन निरंतर सुदृढ़ हो रहा है।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में गोविंद मूंदड़ा, दीपक मालानी, अतुल बांगड़, चन्द्रशेखर राठी, अतुल लाहोटी, ओमप्रकाश बिड़ला, दीपक राठी, पूनम मालपानी, गिरिराज मोहता, अतुल लखोटिया, आनंद टावरी, संजय चांडक, आशीष केला, नीलेश राठी, मधुसूदन मंत्री एवं जय महेश्वरी सहित पूरी आयोजन समिति का विशेष सहयोग रहा। संस्थापक गोविंद मूंदड़ा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी सदस्यों, मातृशक्ति और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
