सूरत : सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी, 181 अभयम महिला हेल्पलाइन ने युवती को दिलाई राहत

उमरा टीम ने युवक की काउंसलिंग कर दी कानूनी जानकारी, माफी मांगकर फोटो डिलीट किए और धमकी न देने का दिया लिखित आश्वासन

सूरत : सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी, 181 अभयम महिला हेल्पलाइन ने युवती को दिलाई राहत

रांदेर क्षेत्र की एक युवती को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 181 अभयम महिला हेल्पलाइन की उमरा टीम ने हस्तक्षेप कर उसे राहत दिलाई। काउंसलिंग के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए फोन से फोटो डिलीट कर दिए और आगे से किसी भी तरह की धमकी न देने का लिखित आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार रांदेर इलाके की एक युवती ने 181 अभयम महिला हेल्पलाइन पर कॉल कर बताया कि वह पिछले चार वर्षों से एक युवक के साथ रिलेशनशिप में थी। दोनों ही कॉम्पिटिटिव परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। युवती के अनुसार युवक बार-बार फोन कर उसे परेशान करता था, जिससे उसकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी में बाधा आ रही थी।

कुछ समय पहले युवती के परिवार को उनके रिश्ते के बारे में पता चल गया, जिसके बाद युवती ने युवक से संबंध खत्म करने का फैसला किया। इससे नाराज होकर युवक ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। इस स्थिति से परेशान होकर युवती ने 181 हेल्पलाइन से मदद मांगी।

मामले की जानकारी मिलते ही उमरा अभयम टीम मौके पर पहुंची और युवती व युवक दोनों की काउंसलिंग की। इस दौरान टीम ने युवक को कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी की अश्लील या निजी फोटो को डिजिटल माध्यम से प्रकाशित या प्रसारित करना दंडनीय अपराध है और इसके लिए सख्त सजा तथा जुर्माने का प्रावधान है।

कानूनी परिणामों की जानकारी मिलने के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और अपने मोबाइल फोन से संबंधित फोटो तुरंत डिलीट कर दिए। इसके साथ ही उसने लिखित में यह भी दिया कि वह भविष्य में युवती या उसके परिवार को किसी भी प्रकार की धमकी नहीं देगा। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

Tags: Surat