सूरत : अब घर की छतों पर लहलहाएंगी ताजी सब्जियां,चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सिखाए टेरेस गार्डनिंग के वैज्ञानिक गुर

SGCCI लेडीज विंग और कृषि विज्ञान केंद्र की अनूठी पहल: कम खर्च और सीमित जगह में ऑर्गेनिक किचन गार्डन बनाने के लिए महिलाओं को किया प्रेरित

सूरत : अब घर की छतों पर लहलहाएंगी ताजी सब्जियां,चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सिखाए टेरेस गार्डनिंग के वैज्ञानिक गुर

सूरत, 24 फरवरी, 2026 – कंक्रीट के जंगलों में बदल रहे शहरों के बीच अब 'किचन गार्डन' के जरिए हरियाली और सेहत को घर लाने की तैयारी शुरू हो गई है।

सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) की लेडीज विंग ने सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (SMC) और कृषि विज्ञान केंद्र के साथ मिलकर एक विशेष 'टेरेस गार्डनिंग प्रेजेंटेशन' का आयोजन किया।

सोमवार को वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को विष-मुक्त और ताजी सब्जियों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए लेडीज विंग की चेयरपर्सन श्रीमती मयूरीबेन मेवावाला ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के कारण आज घर पर ही सब्जियां उगाना समय की मांग बन गया है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को घर को हरा-भरा रखने और स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता और हॉर्टिकल्चर साइंटिस्ट श्रीमती भक्तिबेन पांचाल (कृषि विज्ञान केंद्र, सूरत) ने किचन गार्डन के तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने बताया कि कैसे कम जगह का उपयोग: छोटी छत या बालकनी में गमलों और कंटेनरों का सही चुनाव करें। ऑर्गेनिक खाद: घर के कचरे से खाद बनाने और जैविक कीटनाशकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। मैनेजमेंट: मौसमी फसलों का चुनाव, पानी का सही प्रबंधन और मेडिसिनल (औषधीय) पौधे उगाने के सरल तरीके साझा किए।

SMC की असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर श्रीमती गायत्रीबेन जरीवाला ने शहरवासियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि टेरेस गार्डनिंग न केवल हरियाली बढ़ाती है, बल्कि शहरी आबादी को घर पर ही रसायन-मुक्त और हेल्दी सब्जियां उपलब्ध कराती है। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर जनकसिंह राठौड़ ने स्पष्ट किया कि सही तकनीक अपनाकर कम खर्च में भी छत पर सफल बागवानी संभव है।

इस ज्ञानवर्धक सत्र में चैंबर के प्रेसिडेंट विजय मेवावाला, ट्रेजरर CA मितिश मोदी, एग्रीकल्चर कमिटी के चेयरमैन  के.बी. पिपलिया सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रज्ञाबेन कडाकिया ने किया और धन्यवाद प्रस्ताव वाइस चेयरपर्सन अल्पाबेन मद्रासी ने रखा।

यह कार्यक्रम सूरत की महिलाओं के लिए न केवल जानकारी देने वाला रहा, बल्कि उन्हें 'टॉक्सिन-फ्री' जीवन की ओर कदम बढ़ाने के लिए एक बड़ी प्रेरणा भी दे गया।

Tags: Surat SGCCI