सूरत : राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष का हृदयाघात से निधन, समाज में शोक की लहर

उनके निधन से समाज में गहरा शोक व्याप्त है

सूरत : राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष का हृदयाघात से निधन, समाज में शोक की लहर

शहर के प्रवासी राजस्थानियों के प्रमुख सामाजिक संगठन राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष एवं समाज के अग्रणी विक्रमसिंह शेखावत का मंगलवार, 3 मार्च दोपहर हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही अस्पताल में शुभचिंतकों और समाजजनों की भीड़ उमड़ पड़ी।

अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को नई सिविल अस्पताल लाया गया, जहां राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियों सहित हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को सूरत एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से हवाई मार्ग द्वारा उनके पैतृक गांव, राजस्थान के लिए रवाना किया गया।

उल्लेखनीय है कि शेखावत के नेतृत्व में सोमवार रात्रि ही होली के अवसर पर आयोजित परंपरागत तीन दिवसीय फागोत्सव का समापन हुआ था। वे लघु उद्योग भारती सूरत जिला इकाई के अध्यक्ष सहित कई सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। राजस्थान समाज की विभिन्न गतिविधियों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उनके निधन से समाज में गहरा शोक व्याप्त है। सामाजिक एकता, सेवा भावना और युवाओं को संगठित करने के लिए किए गए उनके प्रयास लंबे समय तक स्मरणीय रहेंगे। उनका जीवन समाज सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण था।

Tags: Surat