सूरत :नगर निगम चुनाव से पहले सख्ती, ड्यूटी से गैरहाजिर बीएलओ पर कार्रवाई, पुलिस वारंट के बाद तुरंत पहुंचे कार्य पर
बैलेट स्लिप वितरण में लापरवाही पर प्रशासन का कड़ा रुख, चुनावी कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं
सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के जनरल इलेक्शन-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव के मद्देनजर 161-करंज विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के माध्यम से बैलेट स्लिप वितरण की योजना बनाई गई है, ताकि मतदाता अपने पोलिंग स्टेशन आसानी से पहचान सकें।
हालांकि, इस प्रक्रिया के दौरान कुछ बीएलओ द्वारा ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। 161-वराछा रोड विधानसभा के पार्ट नंबर 150 (फूलपाड़ा-53) के बीएलओ राकेश सोरठिया ने सूचना मिलने के बावजूद बैलेट स्लिप लेने से इनकार कर दिया और ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए।
इस गंभीर मामले को देखते हुए सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के विशेष अधिकारी (इलेक्शन एवं जनगणना) द्वारा कामरेज पुलिस स्टेशन को लिखित शिकायत भेजी गई और संबंधित कर्मचारी को तुरंत उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह, 161 विधानसभा क्षेत्र के भाग नंबर 135 (फूलपाड़ा-38) के बीएलओ गिरीश चौधरी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा वारंट जारी किया गया।
पुलिस की सख्ती के बाद दोनों बीएलओ तुरंत ड्यूटी पर हाजिर हो गए। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव से जुड़े कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
