सूरत : प्रवासियों की घर वापसी को सुलभ बनाने के लिए चैंबर की पहल, भेस्तान और चलथान स्टेशनों से भी चल सकती हैं स्पेशल ट्रेनें

चैंबर डेलीगेशन ने वेस्टर्न रेलवे के जीएम को सौंपा प्रेजेंटेशन; उधना स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए अन्य स्टेशनों के उपयोग का प्रस्ताव

सूरत : प्रवासियों की घर वापसी को सुलभ बनाने के लिए चैंबर की पहल, भेस्तान और चलथान स्टेशनों से भी चल सकती हैं स्पेशल ट्रेनें

सूरत। उधना रेलवे स्टेशन पर पिछले रविवार को हुई भगदड़ और अव्यवस्था की घटना के बाद द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) एक्शन मोड में आ गया है।

सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को चैंबर की रेलवे कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने वेस्टर्न रेलवे के जनरल मैनेजर रामाश्रय पांडे से उधना स्टेशन पर मुलाकात की और प्रवासियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया।

उधना के अलावा भेस्तान-चलथान का विकल्प

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश हॉलिडे स्पेशल ट्रेनें केवल उधना स्टेशन से चलाई जा रही हैं, जिससे वहाँ यात्रियों का दबाव असहनीय स्तर तक पहुँच जाता है।

इस समस्या के समाधान के लिए चैंबर ने रेलवे के समक्ष वैकल्पिक स्टेशन का प्रस्ताव रखा है। उधना के साथ-साथ सूरत, भेस्तान और चलथान रेलवे स्टेशनों से भी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के लिए ट्रेनें शुरू की जाएं। अप्रैल और मई में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में नई हॉलिडे स्पेशल ट्रेनें पटरी पर उतारी जाएं।

चैंबर ने रेलवे प्रशासन को अवगत कराया कि सूरत की इंडस्ट्री में करीब 5 लाख प्रवासी श्रमिक कार्यरत हैं। स्कूल की छुट्टियों के दौरान जब ये श्रमिक सपरिवार अपने वतन लौटते हैं, तो स्टेशनों पर स्थिति दयनीय हो जाती है। पिछले दो सालों से उधना स्टेशन पर लगातार हो रही अफरा-तफरी को रोकने के लिए ठोस और अग्रिम प्लानिंग की आवश्यकता है।

वेस्टर्न रेलवे के जनरल मैनेजर रामाश्रय पांडे ने चैंबर के प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और नई ट्रेनें चलाने का भरोसा दिया। हालांकि, उन्होंने एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया

"रेलवे यात्रियों की संख्या पर नज़र रखे हुए है और अतिरिक्त ट्रेनों का इंतज़ाम किया जाएगा। लेकिन, भीड़ के प्रबंधन के लिए इंडस्ट्रियल यूनिट के मालिकों को भी सहयोग करना होगा। वे श्रमिकों को केवल रविवार के बजाय सप्ताह के अन्य दिनों में यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि स्टेशन पर एक ही दिन भारी भीड़ इकट्ठा न हो।"

इस मीटिंग में रेलवे कमेटी के चेयरमैन राकेश शाह और सेक्रेटरी पॉलिक देसाई समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। चैंबर ने विश्वास दिलाया कि वे औद्योगिक इकाइयों के साथ समन्वय करेंगे ताकि यात्रा का लोड पूरे सप्ताह में विभाजित हो सके और उधना रेलवे स्टेशन पर होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।