सूरत : कडोदरा की गगन सिल्क मिल्स पर छापा,  तीन नाबालिग मजदूर मुक्त

एंटी-चाइल्ड लेबर टास्क फोर्स की कार्रवाई; दो महीने से काम कर रहे थे किशोर, अब बाल संरक्षण गृह भेजे गए

सूरत : कडोदरा की गगन सिल्क मिल्स पर छापा,  तीन नाबालिग मजदूर मुक्त

सूरत। सूरत ज़िले की एंटी-चाइल्ड लेबर टास्क फोर्स ने पलसाना तालुका के कडोदरा-वरेली क्षेत्र में स्थित गगन सिल्क मिल्स प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारकर तीन नाबालिग मजदूरों को मुक्त कराया है।

छापेमारी के दौरान तीन नाबालिग काम करते हुए पाए गए, जिनमें दो सूरत और एक नवसारी का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी पिछले करीब दो महीनों से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार लोडिंग मजदूर के रूप में कार्य कर रहे थे। इसके बदले उन्हें 12 से 15 हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात तय की गई थी।

टास्क फोर्स द्वारा मुक्त कराए गए तीनों बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी  (CWC) के निर्देशानुसार कटरगाम स्थित वी. आर. पोपावाला बालाश्रम भेज दिया गया है।

जिला टास्क फोर्स के अनुसार, बच्चों की आयु से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किए जाने के बाद संबंधित यूनिट के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

Tags: Surat