सूरत : साकेत की अनोखी प्याऊ का शुभारंभ, कलेक्टर सौरभ पारघी ने किया उद्घाटन
भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने की पहल, शहर में 108 प्याऊ स्थापित करने का लक्ष्य
रिंग रोड स्थित टेक्सटाइल हब महावीर टेक्सटाइल मार्केट में साकेत संस्था द्वारा “चाय पर चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट” एवं Qmax के सहयोग से एक अनोखी प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस सेवा कार्य का विधिवत उद्घाटन सूरत के कलेक्टर सौरभ पारघी ने रिबन काटकर किया। यह साकेत संस्था द्वारा स्थापित चौथी अनोखी प्याऊ है। संस्था का लक्ष्य पूरे शहर में कुल 108 प्याऊ स्थापित कर गर्मी के मौसम में लोगों को राहत प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह में कलेक्टर सौरभ पारघी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान इस प्रकार के सेवा कार्य आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक हैं। उन्होंने साकेत के सर्वेसर्वा सांवर प्रसाद बुधिया के सामाजिक योगदान की प्रशंसा की।
इस अवसर पर साकेत के प्रतिनिधि रामावतार पारीक ने बताया कि “साकेत” का अर्थ ही “सेवा ही लक्ष्य” है और संस्था इसी भावना के साथ निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा कपड़ा बाजार क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया जा चुका है।
इसके साथ ही “लाडली बहना योजना” के अंतर्गत अब तक 390 बेटियों को श्रृंगार सामग्री वितरित की जा चुकी है। संस्था “नमामी तापी”, “भगवान का सम्मान”, “नेशन फर्स्ट” और “स्वदेशी प्रथम” जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में महावीर टेक्सटाइल मार्केट के अध्यक्ष ललित आँचलीया के अलावा कमल जैन, महेंद्र गोलेचा, अशोक जैन और Qmax के सागर मल टीबरेवाल, मनोज, आशीष समेत राजस्थान युवा संघ के विनोद सारस्वत, पंकज शर्मा, गंगाधर डुड्डी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटारिया ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे।
