सूरत : सचिन इंडस्ट्रियल एरिया में PNG कनेक्शन को लेकर अहम बैठक, उद्योगपतियों को मिली राहत
सचिन नोटिफाइड एरिया अथॉरिटी ऑफिस में गुजरात गैस कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक, लंबित आवेदन मौके पर ही क्लियर
सूरत। सूरत के सचिन इंडस्ट्रियल क्षेत्र में गैस सप्लाई की समस्या के बीच PNG कनेक्शन को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सचिन नोटिफाइड एरिया अथॉरिटी कार्यालय में गुजरात गैस कंपनी के अधिकारियों और उद्योगपतियों की मौजूदगी में हुई।
मौजूदा वैश्विक हालात के कारण गैस सप्लाई में आई रुकावट से घरेलू और औद्योगिक दोनों क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की कमी देखी जा रही है। खासकर वे औद्योगिक इकाइयां, जिनके पास PNG कनेक्शन नहीं है, उन्हें उत्पादन बनाए रखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उद्योगपतियों में वर्कर्स के पलायन का डर भी बढ़ गया था।
इसी समस्या को लेकर कई उद्योगपतियों ने गुजरात गैस लिमिटेड में PNG कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन समाधान में देरी होने पर मामला प्रशासन तक पहुंचा। इसके बाद नोटिफाइड चेयरमैन नीलेश गामी ने 6 अप्रैल को दोपहर बैठक बुलाई।
बैठक में गुजरात गैस के डिप्टी मैनेजर और उनकी टीम ने उद्योगपतियों को PNG कनेक्शन की प्रक्रिया पर प्रेजेंटेशन दिया। साथ ही, आवेदन करने वाले उद्योगपतियों को उनकी फाइलों के साथ उपस्थित रखा गया, जिससे मौके पर ही चर्चा कर समाधान निकाला जा सके।
इस दौरान सेक्रेटरी मयूर गोलवाला की पहल पर पिछले कई दिनों से लंबित PNG कनेक्शन के आवेदन तत्काल क्लियर किए गए, जिससे इच्छुक उद्योगपतियों के लिए गैस कनेक्शन का रास्ता साफ हो गया।
बैठक में कई उद्योगपति, जिनमें राजेशभाई गोल, भरतभाई त्रापसिया, अमरभाई, अल्पेशभाई रामकृपा, विमल लिम्बासिया, हार्दिक कटारिया और डायरेक्टर भीखाभाई नकरानी समेत अन्य उपस्थित रहे।
इस पहल को उद्योग जगत के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है, जिससे उत्पादन जारी रखने और श्रमिकों के पलायन को रोकने में मदद मिलेगी।
