राजकोट : गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, राजकोट में स्पोर्ट्स वीक का शुभारंभ

950 से अधिक छात्र-छात्राएं 19 प्रतियोगिताओं में दिखाएंगे प्रतिभा

राजकोट : गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, राजकोट में स्पोर्ट्स वीक का शुभारंभ

राजकोट स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 23 से 27 फरवरी तक स्पोर्ट्स वीक का आयोजन शुरू हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विशिष्ट अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन समारोह में संस्थान के प्राचार्य डॉ. ए.एस. पंड्या ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिक्षा के साथ खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर अतिथि लक्ष्मीबेन मिश्रा तथा राजकोट सिटी ह्यूमन राइट्स कमीशन के मुख्य अधिकारी पृथ्वी सिंह राणा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से कौशल, टीमवर्क और आपसी तालमेल विकसित होता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर.जे. रावल ने किया, जबकि स्पोर्ट्स वीक के सह-संयोजक पी.डी. सोरठिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। स्पोर्ट्स कमेटी के संयोजक डॉ. एस.के. चरोला और उनकी टीम ने आयोजन की सफल तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खेल सप्ताह के दौरान क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम, रस्साकशी, खजाने की खोज सहित भाषण, वाद-विवाद, रंगोली, मेहंदी, गायन, कविता लेखन और कक्षा सज्जा जैसी कुल 19 इनडोर एवं आउटडोर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 950 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

इस अवसर पर बी.के. मोदी फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.वी. दुधरेजिया, ए.वी.पी.टी. संस्थान के प्राचार्य जी.वी. परमार सहित संस्थान के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags: Rajkot