सूरत : अक्षर बस्ती में 20 सोसायटियों का विशाल हिंदू सम्मेलन सम्पन्न
2000 लोगों की भव्य शोभायात्रा, धार्मिक झांकियों और लोकनृत्य से गूंजा पूरा क्षेत्र
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से अक्षर बस्ती की 20 सोसायटियों द्वारा विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक शोभायात्रा से हुई, जिसमें लगभग 2000 स्त्री-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति का माहौल बन गया।
शोभायात्रा अक्षर टाउनशिप स्थित श्री सर्वेश्वर मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों के मुख्य मार्गों से होती हुई संकेत टेक्सटाइल मार्केट स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जबकि राजस्थानी लोकनृत्य ‘गैर’ और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में सोसायटीवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
सम्मेलन के संरक्षक शंकरलाल भूतड़ा तथा मुख्य संयोजक मुरली प्रजापत रहे, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निर्मल जैन उपस्थित रहे। सभा को श्री श्री 1008 महंत स्वामी श्री तीर्थगिरी जी महाराज, जैन मुनि श्री शाश्वत मुनि जी म.सा. और नवदीक्षित श्री शुचित मुनि जी म.सा. ने संबोधित करते हुए समाज को संगठित रहने और सनातन मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन सहसंयोजक सत्यनारायण कपूरिया ने किया। समापन अवसर पर भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिवारों ने भाग लिया। आयोजन की सफलता में दीपचंद चौधरी, मोहनसिंह राजपुरोहित, सांवलसिंह राव और द्वारकाप्रसाद तापड़िया का विशेष योगदान रहा। अंत में मुख्य संयोजक मुरली प्रजापत ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ हुआ।
