वडोदरा : फ्रेट लोडिंग को गतिशील बनाने के क्रम में DRM राजू भडके द्वारा GSFC का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती रिनी भी उपस्थित थीं
माल ढुलाई को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा शुक्रवार 20 फरवरी, 2026 को Gujarat State Fertilizers & Chemicals Limited (जीएसएफसी), बाजवा साइडिंग का दौरा किया गया। उनके इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती रिनी भी उपस्थित थीं।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने निरीक्षण के दौरान रेल संपर्क, माल ढुलाई अवसंरचना तथा Indian Railways और उर्वरक उद्योग के मध्य समन्वय की समीक्षा की, जिससे देश के विभिन्न राज्यों में उर्वरकों का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में जीएसएफसी के माल लदान प्रदर्शन की भी समीक्षा की तथा जीएसएफएसी–बाजवा साइडिंग पर अब तक के सर्वाधिक 54 रेक के मासिक लदान की उपलब्धि पर संगठन को बधाई दी। उन्होंने रेलवे एवं जीएसएफसी टीमों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों की सराहना की।
श्री भडके ने लॉजिस्टिक प्रक्रियाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने, स्वचालन (ऑटोमेशन) के प्रभावी उपयोग तथा परिचालन योजना में सुधार के माध्यम से माल की शीघ्र निकासी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने वर्तमान 1.5 रेक प्रतिदिन की लोडिंग क्षमता को बढ़ाकर 2 रेक प्रतिदिन करने की सलाह दी, जिससे आपूर्ति श्रृंखला और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर जीएसएफसी के कार्यकारी निदेशक संजीव वर्मा ने कंपनी की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया तथा वडोदरा मंडल द्वारा समय पर खाली रेक उपलब्ध कराने हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप कंपनी अपनी लगभग 92 प्रतिशत उत्पादन सामग्री का परिवहन रेल मार्ग से कर सकी।
पश्चिम रेलवे कुशल माल परिवहन व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है। रेलवे और उर्वरक निर्माताओं के बीच सतत समन्वय से देशभर के किसानों को उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
