सूरत : भजन संध्या में गूंजे बाबा श्याम के जयकारे

श्री बांके बिहारी सेवा समिति ने देवसर माता मंदिर में किया 13वां निशान पूजन व भव्य भजन संध्या का आयोजन

सूरत : भजन संध्या में गूंजे बाबा श्याम के जयकारे

श्री बांके बिहारी सेवा समिति की ओर से 13वें निशान पूजन एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन रविवार को न्यू सिटीलाइट क्षेत्र स्थित देवसर माता मंदिर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4:15 बजे दरबार में अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

भजन संध्या के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक संजय अग्रवाल ने “मेरे बांके बिहारी लाल, तू इतना ना करिओ श्रृंगार, नजर तोहे लग जाएगी” भजन पर फूलों की होली खिलाकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं भजन गायक जुगल अग्रवाल ने “काल रात ने सपनो आयो बाबो हेलो मारे… मंदिर में मेरो मन नहीं लागे, मने ले चलो सागे…” जैसे भजनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भजन गायिका अनन्या सिंहोटिया ने “खाटू बुला रहा है, कृपा नहीं तो क्या है, अब तक निभा रहा है, कृपा नहीं तो क्या है…” भजन की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब तालियां बटोरीं।

भजन संध्या के दौरान बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। इस अवसर पर सवामणि का भोग, इत्र की फुहार, फूलों की होली, बाबा का खजाना एवं महाप्रसादी जैसे विशेष धार्मिक आयोजन भी किए गए। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया और बाबा श्याम के जयकारों से माहौल गूंज उठा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के रमेश तोदी, जितेश अग्रवाल, सुनील मित्तल, शंकरलाल शर्मा, विशाल चौधरी, आशुतोष अग्रवाल, अरुण चांगोईवाला, वेदप्रकाश गुप्ता, सुरेश सिंघल एवं प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Tags: Surat