सूरत : मिलेनियम मार्केट में भीषण आग, तीन कपड़ा दुकानों में नुकसान; ‘ब्रिगेड कोल’ घोषित

7 फायर स्टेशनों की 14 गाड़ियां मौके पर, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पाया गया काबू; कोई जनहानि नहीं

सूरत : मिलेनियम मार्केट में भीषण आग, तीन कपड़ा दुकानों में नुकसान; ‘ब्रिगेड कोल’ घोषित

सूरत। टेक्सटाइल सिटी सूरत में आग लगने की घटनाओं के बीच गुरुवार, 16 अप्रैल को रिंग रोड स्थित मिलेनियम मार्केट 1 में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने इसे ‘ब्रिगेड कोल’ घोषित किया।

मिली जानकारी के अनुसार, मार्केट के प्रथम तल पर स्थित वैष्णवी क्रिएशन्स (दुकान नंबर 69 से 71) में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य कपड़ा दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में बड़ी मात्रा में कपड़ा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे क्षेत्र में काले धुएं का गुबार छा गया।

घटना के बाद मार्केट में मौजूद लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया और एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। वहीं व्यापारी अपने-अपने सामान को बचाने में जुट गए।

आग की सूचना मिलते ही सूरत फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के सात फायर स्टेशनों से 14 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दमकल वाहनों को तेजी से घटनास्थल तक पहुंचाया, जिससे राहत कार्य में तेजी आई।

चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारीख के अनुसार, दोपहर 12:48 बजे आग लगने की कॉल प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचने पर पूरा मार्केट धुएं से भरा हुआ था, जिसके बाद ब्रिगेड कॉल जारी कर अतिरिक्त संसाधन लगाए गए। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, इस हादसे में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रिंग रोड क्षेत्र में स्थित अभिषेक टेक्सटाइल मार्केट के पीछे नगर निगम की मल्टी-लेवल पार्किंग में एक कार में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे शहर में आग की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Tags: Surat