सूरत : भगवान महावीर यूनिवर्सिटी का पाँचवां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

17 फैकल्टी के 3640 विद्यार्थियों को डिग्रियाँ, 48 गोल्ड और 48 सिल्वर मेडल प्रदान

सूरत : भगवान महावीर यूनिवर्सिटी का पाँचवां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

सूरत। भगवान महावीर यूनिवर्सिटी (BMU), वेसु का पाँचवां दीक्षांत समारोह रविवार, 8 फरवरी 2026 को शाम 4:30 बजे भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर रेल मंत्रालय के F.A. एवं CAO श्री विजय शर्मा और भारत की पूर्व विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस दीक्षांत समारोह में यूनिवर्सिटी के 17 कॉलेजों के कुल 3640 विद्यार्थियों को विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध डिग्रियाँ प्रदान की गईं। इनमें बैचलर ऑफ साइंस, बी.फार्मेसी, बी.एड, एम.एड, बीसीए, बीबीए, बीपीएड, एमबीए, एमसीए, एमपीएड, नर्सिंग सहित विभिन्न स्ट्रीम शामिल रहीं।
इसके अलावा 48 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 48 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल तथा 24 विद्यार्थियों को पीएचडी डिग्री प्रदान की गई।

भगवान महावीर एजुकेशन फाउंडेशन के डॉ. संजय जैन एवं मैनेजिंग ट्रस्टी श्री अनिल जैन ने बताया कि यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसमें आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग, साइंस, रिसर्च (पीएचडी), कंप्यूटर एप्लीकेशन, कॉमर्स, मैनेजमेंट, एजुकेशन, फार्मेसी, आर्ट्स और फिजिकल एजुकेशन जैसी 17 विभिन्न फैकल्टी के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कॉन्वोकेशन की शुरुआत यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट द्वारा की गई, जिन्होंने प्रेसिडेंशियल स्पीच के माध्यम से यूनिवर्सिटी की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अपने संबोधन में भारत की पूर्व विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा प्रथम आना ही सफलता का पैमाना नहीं होता, बल्कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि छात्र काबिल, जिम्मेदार, प्रैक्टिकल और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि आज प्राप्त की गई डिग्री विद्यार्थियों के करियर में सफलता की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगी और उनसे समाज, राज्य और देश के हित में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री विजय शर्मा, F.A. एवं CAO, रेल मंत्रालय ने अपने संबोधन में कहा कि आज की डिग्री केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के करियर और जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अब सार्वजनिक जीवन में प्रवेश कर रहे हैं और उन्हें ईमानदारी, सच्चाई और कड़ी मेहनत के साथ देश व समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, फैकल्टी सदस्यों और यूनिवर्सिटी प्रशासन की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Tags: Surat BMU