सूरत : "स्वस्थ हृदय और महिला कल्याण" पर चैंबर ऑफ कॉमर्स का जागरूकता सत्र संपन्न

हेल्थ सीरीज के तहत डॉ. रवींद्र कोराट ने दिए सेहतमंद रहने के मंत्र; 'फास्ट-पेस्ड लाइफ' में हार्ट हेल्थ को नजरअंदाज न करने की सलाह

सूरत :

सूरत। 'द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' (एसजीसीसीआई) द्वारा अपनी निरंतर स्वास्थ्य श्रृंखला ( हेल्थ सिरिज) के अंतर्गत 'हेल्दी हार्ट और महिलाओं की वेलनेस' विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।

नानपुरा स्थित समृद्धि भवन में आयोजित इस सत्र में महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य और हृदय की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

 चैंबर के मानद कोषाध्यक्ष  सीए मितेश मोदी ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाओं की सेहत और हृदय स्वास्थ्य दोनों ही अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने जोर दिया कि उद्योगपतियों और श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना अनिवार्य है। चैंबर की 'हेल्थ सीरीज' का उद्देश्य समाज और औद्योगिक जगत को बीमारियों के प्रति सचेत करना है।

मुख्य वक्ता, आईवीएफ और इनफर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. रवींद्र कोराट (एमएस - स्त्री रोग) ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी जटिलताओं पर विस्तार से बात की। उनके संबोधन के मुख्य बिंदु इस प्रकार है। प्रजनन स्वास्थ्य: उन्होंने हार्मोनल असंतुलन, फर्टिलिटी समस्याओं और मैटरनल हेल्थ (मातृ स्वास्थ्य) पर जानकारी दी।

हृदय रोग के संकेत: महिलाओं में हृदय रोगों के शुरुआती लक्षण पुरुषों से अलग हो सकते हैं, इसलिए नियमित चेक-अप और रिस्क फैक्टर्स की पहचान जरूरी है। निवारण: संतुलित आहार, योग, व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर कई समस्याओं से बचा जा सकता है।

चैंबर की 'इंडस्ट्रियल वर्कर्स हेल्थ कमेटी' के चेयरमैन डॉ. जगदीश वघासिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके सामाजिक महत्व को समझाया।

सत्र का संचालन को-चेयरमैन निखिल वघासिया ने किया। इस सत्र में महिला उद्यमियों, चैंबर के सदस्यों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी शंकाओं का समाधान किया।

Tags: Surat SGCCI