सूरत : कर्मयोगियों के सम्मान को समर्पित ‘खेमानी भोजन सेवा’ का गरिमामय शुभारंभ
रु. 10 के स्वाभिमान शुल्क पर स्वच्छ व पौष्टिक भोजन, दया नहीं—सम्मान के भाव के साथ सेवा की अनूठी पहल
खेमानी वेलफेयर फाउंडेशन एवं सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘खेमानी भोजन सेवा’ का शुभारंभ गुरुवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह सेवा कर्मयोगियों के स्वास्थ्य, स्वाभिमान और सम्मान को केंद्र में रखते हुए शुरू की गई है। पहल की खासियत यह है कि भोजन को दया से नहीं, बल्कि सम्मान से जोड़ा गया है। इसी उद्देश्य से भोजन निःशुल्क न रखकर, कर्मयोगियों के लिए मात्र रु. 10 का स्वाभिमान शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत भरपेट, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
यह सेवा सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट के सामने, फोस्टा ऑफिस के पास नियमित रूप से संचालित होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छोटूभाई पाटिल के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विजय खेमानी, अविनाश खेमानी, अमित खेमानी (सहपरिवार), अशोक गोयल, राजीव ओमर, ललित शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही सेवा फाउंडेशन, सेवा हॉस्पिटल एवं सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से पंकज गोयल, सुभाष जिंदल, कमलसिंह संचेती, सुभाष रावल सहित अन्य प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘खेमानी भोजन सेवा’ केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कर्मयोगियों के जीवन में सम्मान, ऊर्जा और आत्मबल जोड़ने का सतत प्रयास है। यह पहल समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय गरिमा की एक नई मिसाल स्थापित करेगी।
