सूरत : साइबर खतरों को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स का अवेयरनेस सेशन, एमएसएमईऔर बड़े उद्योगों को दी गई अहम गाइडेंस
चेतनसिंह परमार ने साइबर सिक्योरिटी और सीएससीआरएफ पर प्रोफेशनल्स को किया जागरूक
सूरत। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) की ओर से शुक्रवार, 29 जनवरी 2026 को सरसाना स्थित समहति के SPB हॉल में “साइबर सिक्योरिटी और साइबर रेजिलिएंस फ्रेमवर्क (सीएससीआरएफ)” विषय पर एक महत्वपूर्ण अवेयरनेस सेशन का आयोजन किया गया।
इस सेशन में एक्यूटास केमिकल्स लिमिटेड के चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (सीआईएसओ) श्री चेतनसिंह परमार ने बतौर एक्सपर्ट स्पीकर भाग लिया।
कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर सिक्योरिटी केवल IT विभाग की जिम्मेदारी नहीं रही, बल्कि यह पूरे संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि साइबर अटैक एमएसएमई के साथ-साथ बड़े एंटरप्राइजेज के लिए भी गंभीर चुनौती बन रहे हैं, ऐसे में सही जागरूकता और समय पर तैयारी बेहद जरूरी है।
एक्सपर्ट स्पीकर श्री चेतनसिंह परमार ने अपने संबोधन में फिशिंग, रैंसमवेयर, डेटा लीकेज जैसे साइबर अटैक्स के खतरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऐसे हमले एमएसएमई से लेकर बड़े उद्योगों तक को भारी आर्थिक और प्रतिष्ठात्मक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने साइबर रेजिलिएंस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि केवल सुरक्षा उपाय ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि साइबर अटैक के बाद बिज़नेस कंटिन्यूटी सुनिश्चित करने की तैयारी भी उतनी ही आवश्यक है।
श्री परमार ने बताया कि साइबर सिक्योरिटी और साइबर रेजिलिएंस फ्रेमवर्क (सीएससीआरएफ) के माध्यम से उद्योग न केवल साइबर हमलों से खुद को सुरक्षित कर सकते हैं, बल्कि किसी भी संकट की स्थिति में तेजी से रिकवरी की क्षमता भी विकसित कर सकते हैं। उन्होंने वास्तविक उदाहरणों के जरिए सरल भाषा में सीएससीआरएफ को लागू करने की प्रक्रिया समझाई।
इस अवसर पर चैंबर के ऑनरेरी ट्रेज़रर सीए मितेश मोदी, विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमी और प्रोफेशनल्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सेशन के माध्यम से एमएसएमईऔर बड़े एंटरप्राइजेज को साइबर सिक्योरिटी और सीएससीआरएफ से जुड़ी उपयोगी और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके डिजिटल बिज़नेस को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में चैंबर के ग्रुप चेयरमैन दीपक कुमार सेठवाला ने कीनोट स्पीकर का परिचय कराया। वहीं चैंबर की साइबर सिक्योरिटी कमिटी के चेयरमैन डॉ. चिंतन पाठक ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। पूरे कार्यक्रम का संचालन साइबर सिक्योरिटी कमिटी की एडवाइज़र डॉ. स्नेहल वकीलाना ने किया।
